गुमला: जिले में रामनवमी के उल्लास के बीच आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. शुक्रवार की रात सदर थाना क्षेत्र के बड़ाइक मोहल्ला में जुलूस के दौरान हुई इस वारदात में एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया है. इस मामले में एसपी हरिश बिन जमा के निर्देश पर पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए, घटना में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, और उससे पूछताछ की जा रही है. साथ ही इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है. जानकारी के अनुसार, जब शहर में रामनवमी का जुलूस निकाला जा रहा था, उसी दौरान बड़ाइक मोहल्ला के पास कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते यह बहस मारपीट में बदल गई. इसी गहमागहमी के बीच एक युवक ने दूसरे युवक पर धारदार चाकू से हमला कर दिया. हमलावर ने युवक के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से घायल युवक को आनन-फानन में गुमला सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने युवक की स्थिति को काफी गंभीर पाया. पेट में गहरा घाव होने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण बेहतर इलाज के लिए उसे रिम्स रांची रेफर कर दिया गया है.

