गिरिडीह: उपायुक्त रामनिवास यादव ने पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण कर वहां की शैक्षणिक एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, छात्रावास, कक्षाओं, रसोईघर, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा एवं छात्राओं की उपस्थिति की बारीकी से जांच की. उपायुक्त ने कक्षाओं में चल रहे पठन-पाठन कार्य का निरीक्षण करते हुए छात्राओं से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं, पढ़ाई, भोजन, रहन-सहन एवं अन्य आवश्यकताओं की जानकारी ली. उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया.
विद्यालय के अभिलेखों की उपायुक्त ने की जांच
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय के अभिलेखों जैसे उपस्थिति पंजी, रसोई पंजी, स्टॉक रजिस्टर आदि की भी जांच की और उनमें पाई गई कमियों को दूर करने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यालय संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संबंधित पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें.
निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ बैठक कर विद्यालय की समग्र स्थिति की समीक्षा की. बैठक में छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षकों की उपलब्धता, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता एवं बुनियादी ढांचे जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई.
विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग करने का दिया निर्देश
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विद्यालय में रहने वाली छात्राओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं. उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा समय-समय पर निरीक्षण करने का निर्देश दिया.
साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी को विद्यालय परिसर में स्वच्छता, पेयजल, बिजली, शौचालय, छात्रावास एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने विशेष रूप से पौष्टिक भोजन की उपलब्धता, रसोईघर की साफ-सफाई एवं छात्राओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
छात्राओं के लिए विशेष कक्षाओं की व्यवस्था करने का निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है. इसलिए छात्राओं के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए. उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि नियमित कक्षाएं संचालित कर समय पर पाठ्यक्रम पूरा किया जाए तथा कमजोर छात्राओं के लिए विशेष कक्षाओं की व्यवस्था की जाए. इसके साथ ही विद्यालय में खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी बल दिया गया, ताकि छात्राओं का मानसिक एवं शारीरिक विकास सुनिश्चित हो सके.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विद्यालयों की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी और जहां कहीं भी कमी पाई जाएगी, उसे तत्काल दूर किया जाएगा. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों को मॉडल संस्थान के रूप में विकसित करने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, संबंधित विभागीय अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं शिक्षकगण उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग: 36 हजार बीयर की बोतलों पर चला बुलडोजर, गोदाम से आया एक्सपायर्ड स्टॉक
