Lohardaga:विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है. क्षेत्र के विधायक सह पूर्व मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क संपर्क बेहतर बनाने के उद्देश्य से 12 महत्वपूर्ण पथ निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण योजनाओं की अनुशंसा की है. इन योजनाओं पर कुल 23 करोड़ 10 लाख 24 हजार रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव है, जिससे क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है.

टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने की मांग
जानकारी के अनुसार विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने पत्रांक RO/H/104/2026, दिनांक 22 मई 2026 के माध्यम से ग्रामीण कार्य विभाग, झारखंड सरकार के सचिव को पत्र भेजकर योजनाओं पर जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया है. विधायक ने विभागीय स्तर पर तकनीकी स्वीकृति एवं टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम से पहले कार्य प्रारंभ हो सके. विभागीय सूत्रों के अनुसार योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. इन अनुशंसित योजनाओं में किस्को, लोहरदगा और कुडू प्रखंड की कुल 12 सड़कें शामिल हैं, जिनकी कुल लंबाई लगभग 24.73 किलोमीटर होगी. इनमें कई ऐसे ग्रामीण मार्ग शामिल हैं, जहां वर्षों से लोगों को खराब सड़क और आवागमन की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. प्रस्तावित सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क मुख्य सड़कों से बेहतर होगा.
सड़क निर्माण की योजना को भी अनुशंसा सूची में शामिल
किस्को प्रखंड में सेमरटांड़ पीएमजीएसवाई पथ से पहाड़गीर तक सड़क निर्माण, मसूरिया खांड़ बाजार टांड़ से स्कूल होते हुए ठकुराईन डेरा मिरजाडीह तक पथ निर्माण, पतरातू महतो टोली से गडूआ टोली तक सड़क तथा बगडू करमटोली मुख्य पथ से सुदर्शन उरांव के घर तक सड़क निर्माण की योजनाएं शामिल हैं. वहीं लोहरदगा प्रखंड में चुरिया से तिगरा पथ एवं मन्हे मोड़ से बाघा पथ के सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव भेजा गया है. इसके अलावा खखपरता प्राथमिक विद्यालय से जीतवाहन उरांव के घर तक सड़क निर्माण भी प्रस्तावित है. कुडू प्रखंड में छोटकी चांपी से कमले रेलवे स्टेशन तक सड़क निर्माण, रबादे दुमरटोली से एकलव्य विद्यालय तक पथ, बड़की चांपी पंचायत से गोपी टोला चितरपिडिया तक सड़क, डिमा बराडपुर पीएमजीएसवाई पथ से कोलसिमरी तक मार्ग तथा पिरी में सलीम अंसारी के घर से मिस्री मास्टर के घर तक सड़क निर्माण की योजना को भी अनुशंसा सूची में शामिल किया गया है.
जनता ने हमेशा विकास पर भरोसा जताया है
इस संबंध में विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि लोहरदगा की जनता ने हमेशा विकास पर भरोसा जताया है और उन्हें जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र के विकास की जिम्मेदारी सौंपी है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों को मुख्य मार्गों से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है. इन सड़कों के निर्माण से स्कूल, अस्पताल, बाजार और सरकारी सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच आसान होगी, जिससे क्षेत्र का सामाजिक एवं आर्थिक विकास तेज होगा. स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक की इस पहल का स्वागत किया है. ग्रामीणों का कहना है कि कई गांव आज भी जर्जर एवं कच्ची सड़कों की समस्या से जूझ रहे हैं. बारिश के दिनों में आवागमन काफी प्रभावित होता है, जिससे विद्यार्थियों, मरीजों और किसानों को परेशानी उठानी पड़ती है. लोगों का मानना है कि यदि प्रस्तावित सड़कें बनती हैं तो क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी और ग्रामीण जीवन अधिक सुगम हो सकेगा.
