Hazaribagh : बड़ा बाजार ओपी पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ब्राउन शुगर तस्करी के खिलाफ सफलता हासिल की. जहां पुलिस टीम ने छापेमारी कर ब्राउन शुगर के तस्कर को रंगे हाथ पकड़ा. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज निषाद, पिता कृष्णा निषाद के रूप में की गई है. जो मूल रूप से शहर के मल्लाह टोली का निवासी है. बड़ा बाजार ओपी प्रभारी मुकेश कुमार रजक के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को सेंट स्टीफन स्कूल के समीप घेराबंदी कर दबोचा. छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की. लेकिन पुलिस ने सूरज को धर दबोचा.

3.52 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद
तलाशी के दौरान सूरज के पास से नशीला और प्रतिबंधित 3.52 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया. इसके साथ ही पुलिस ने मौके से एक आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक नापतोल मशीन भी जब्त की है. जिसका उपयोग आरोपी ब्राउन शुगर की पुड़िया तौलकर ऊंचे दामों में बेचने के लिए करता था. इसके अलावा उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है. जिससे वह अपने ग्राहकों और मुख्य सप्लायरों के संपर्क में रहता था.
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
बड़ा बाजार ओपी प्रभारी मुकेश कुमार रजक ने बताया कि बरामद नशीले पदार्थ और डिजिटल उपकरण को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी सूरज निषाद के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत और संगीन धाराओं के तहत नामजद मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन के कॉल डिटेल्स और व्हाट्सएप चैट को खंगालने में जुट गई है. ताकि यह पता लगाया जा सके कि हजारीबाग शहर में उसे ब्राउन शुगर की यह खेप कौन सप्लाई कर रहा था और उसके इस रैकेट में कौन-कौन से स्थानीय रसूखदार और युवा शामिल हैं.
ALSO READ : हजारीबाग : कुमार बॉयज हॉस्टल में छात्र ने की खुदकुशी, फंदे से लटका मिला शव
