मेदिनीनगर में बड़ा हादसा टला, मुख्य सड़क पर विशाल पेड़ गिरने से बिजली ठप और आवाजाही बाधित

Plamu: पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक मेजर मोड़ के पास आज एक बड़ा हादसा होते-होते बच...

Plamu: पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक मेजर मोड़ के पास आज एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया. बिना किसी आंधी-तूफान या खराब मौसम के, अचानक एक विशालकाय पेड़ भरभराकर मुख्य सड़क पर गिर गया. पेड़ गिरने की रफ्तार इतनी तेज थी कि इसकी चपेट में आकर बिजली का एक पोल भी पूरी तरह टूट गया और हाई-टेंशन तारों समेत सड़क पर आ गिरा. गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह घटना हुई, उस सटीक जगह पर कोई वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

बाल-बाल बचे राहगीर और वाहन चालक 

व्यस्त इलाका होने के कारण पेड़ और बिजली का पोल गिरने से मेजर मोड़ का यह रास्ता पूरी तरह से ब्लॉक हो गया है. सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही थम गई है और लोग बिजली के बिखरे तारों के बीच से बचते-बचाते निकलने को मजबूर हैं. टूटे तारों के कारण पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति तुरंत ठप हो गई है.

Read Also: जल स्रोतों के संरक्षण के लिये ठोस कदम उठायें प्रशासन : नागरिक मंच

मेजर मोड़ पर यातायात पूरी तरह बाधित

घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा तुरंत बिजली विभाग और नगर प्रशासन को इसकी सूचना दी गई है. सड़क के बीचों-बीच गिरे इस भारी-भरकम पेड़ को हटाने के लिए क्रेन और प्रशासन की मदद की दरकार है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पेड़ को जल्द से जल्द काटकर हटाया जाए और टूटे पोल व तारों को ठीक कर बिजली व्यवस्था बहाल की जाए ताकि यातायात सामान्य हो सके.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *