Lohardaga: सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में अंजुमन इस्लामिया लोहरदगा की अदलिया कमिटी लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है. रविवार को अंजुमन कार्यालय में सदर अब्दुल रउफ अंसारी, सेक्रेटरी शाहिद अहमद बेलू, नाइब सदर सैयद आरिफ हुसैन बबलू, सहसचिव अल्ताफ कुरैशी, ऑफिस सेक्रेटरी मौलवी अबुल कलाम तैगी, मोहम्मद असगर तैगी, यासीन कुरैशी, हैदर अली एवं सिराज अंसारी की मौजूदगी में चार महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई की गई. इनमें एक मामले का आपसी सहमति से निष्पादन कर दिया गया, जबकि दो मामले फैसले के करीब पहुंच चुके हैं.

जमीन विवाद समेत चार मामलों पर हुई सुनवाई
पहला मामला हिसरी बनाम लावागांई के बीच जमीन विवाद का था, जिसका दोनों पक्षों की सहमति से निपटारा कर दिया गया. दूसरा मामला कुरैशी मोहल्ला के दो पक्षों के बीच जमीन विवाद से जुड़ा था, जिसमें अगली तारीख निर्धारित की गई. तीसरा मामला पावरगंज क्षेत्र के पति-पत्नी के बीच आपसी मतभेद से संबंधित था, जिसमें अगली सुनवाई की तिथि तय की गई. वहीं चौथा मामला टीपू सुल्तान चौक क्षेत्र के आपसी विवाद का था, जिस पर विस्तृत सुनवाई के बाद अगली तारीख दी गई.
Also Read: लोहरदगा: इंटक महाधिवेशन की तैयारी जोरों पर, बैठकों का दौर शुरू
भाईचारा बनाए रखना हमारी प्राथमिकता
इस अवसर पर सदर अब्दुल रउफ अंसारी ने जिले के मुस्लिम समाज से अपील करते हुए कहा कि आपसी विवादों को थाना या कोर्ट-कचहरी ले जाने से पहले अपने-अपने अंजुमन से संपर्क करें. यदि वहां समाधान नहीं निकलता है तो अंजुमन इस्लामिया लोहरदगा की अदलिया कमिटी में आएं, जहां निष्पक्ष और सौहार्दपूर्ण तरीके से मामलों को सुलझाने का प्रयास किया जाता है.
सेक्रेटरी शाहिद अहमद बेलू ने कहा कि अदलिया कमिटी में सुलह योग्य मामलों की सुनवाई आपसी सहमति और समझौते के आधार पर की जाती है. यहां किसी की हार या जीत नहीं होती, बल्कि रिश्तों को बचाने और समाज में भाईचारा कायम रखने पर विशेष जोर दिया जाता है.
