Ranchi: गाड़ीखाना चौक स्थित वार्ड संख्या-21 के वीर कुंवर सिंह पार्क की तस्वीर अब पूरी तरह बदल गई है. रांची नगर निगम ने पार्क की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और मरम्मत का काम कर इसे लोगों के लिए पहले से अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बना दिया है.

निरीक्षण के बाद शुरू हुआ सुधार कार्य
कुछ दिन पहले नगर आयुक्त ने पार्क का निरीक्षण किया था. इस दौरान पार्क में गंदगी, बड़ी-बड़ी झाड़ियां, अव्यवस्थित परिसर और खराब नागरिक सुविधाएं मिली थीं. इसे गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत पार्क की सफाई और सौंदर्यीकरण कराने का निर्देश दिया.
निर्देश के बाद नगर निगम की हॉर्टिकल्चर और स्वच्छता टीम ने संयुक्त अभियान चलाया. पार्क में उगी घास की कटाई की गई, झाड़ियों और पेड़ों की छंटाई हुई, सूखे पत्ते और कचरा हटाया गया. पूरे परिसर को व्यवस्थित कर पार्क को नया और आकर्षक रूप दिया गया.
नागरिक सुविधाओं को भी किया जा रहा बेहतर
इसके अलावा पार्क में लगे झूले, बेंच, लाइट और अन्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया. जहां मरम्मत की जरूरत मिली, वहां जल्द काम कराने के निर्देश दिए गए हैं ताकि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित और बेहतर माहौल मिल सके.
अब यह पार्क सुबह-शाम टहलने, बच्चों के खेलने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए पूरी तरह तैयार है. नगर निगम का कहना है कि शहर के सभी पार्कों और हरित क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण, रखरखाव और सौंदर्यीकरण अभियान आगे भी जारी रहेगा.

ALSO READ: JPSC अभ्यर्थियों का फूटा आक्रोश, 9वें दिन मशाल जुलूस निकालकर किया प्रदर्शन
