Ranchi: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने KVS, NVS और EMRS भर्ती परीक्षा के Tier-II रिजल्ट को लेकर स्थिति साफ कर दी है. मार्च 2026 में हुई Tier-II परीक्षा के नतीजे अगस्त 2026 के मध्य से चरणबद्ध तरीके से जारी किए जाएंगे. दरअसल, पिछले कुछ दिनों से परीक्षा परिणाम को लेकर अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स और चर्चाएं सामने आ रही थीं. इसे देखते हुए CBSE ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है, कि वे रिजल्ट से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करें. सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से मिलने वाली अपुष्ट खबरों को लेकर सावधान रहें.

2.1 लाख कॉपियों की हो रही जांच
CBSE के अनुसार Tier-II परीक्षा में दो तरह के प्रश्न पूछे गए थे. इसमें ऑब्जेक्टिव और डिस्क्रिप्टिव, दोनों प्रकार के सवाल शामिल थे. डिस्क्रिप्टिव पेपर की करीब 2.1 लाख उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है. ये कॉपियां कुल 68 विषयों से जुड़ी हैं. बोर्ड ने बताया कि OMR शीट की जांच, आंसर की (Answer Key) जारी करने और OMR शीट की इमेज पोर्टल पर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. फिलहाल डिस्क्रिप्टिव उत्तर पुस्तिकाओं की मैनुअल जांच अंतिम चरण में चल रही है.

अगस्त के मध्य से शुरू होगा रिजल्ट का सिलसिला
CBSE ने स्पष्ट किया है कि सभी विषयों और पदों के परिणाम एक साथ जारी करने के बजाय चरणबद्ध तरीके से घोषित किए जाएंगे. रिजल्ट जारी होने की प्रक्रिया अगस्त के मध्य से शुरू होने की उम्मीद है. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे रिजल्ट की तारीख, कटऑफ और अन्य अपडेट के लिए केवल CBSE की आधिकारिक वेबसाइट (ctet.nic.in) की ओर से जारी आधिकारिक सूचना देखें. किसी भी अफवाह के आधार पर निर्णय न लें.


