Ranchi: रांची के अनुमंडल दंडाधिकारी सदर ने पूजा कुमार बनाम संजय चतुर्वेदी से जुड़े मामले में सुनवाई करते रांची सिविल कोर्ट में प्रेक्टिस करने वाले और जिला बार एसोसिएशन से जुड़े 15 वकीलों को एक बार फिर नोटिस जारी किया है. कोर्ट ने सभी पक्षकारों को 11 अगस्त 2026 को स्वयं या अपने अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने की सख्त हिदायत दी है. 21 जुलाई 2026 को लिखित आवेदन के आधार पर इस मामले की सुनवाई शुरू की गई है. इसके बाद अदालत ने नोटिस जारी कर द्वितीय पक्ष यानी सिविल कोर्ट के वकीलों को 5 अगस्त 2026 को कोर्ट में उपस्थित होकर अपना कारण बताओ (शो-कॉज) दाखिल करने का निर्देश दिया था.

11 अगस्त की सुनवाई में अनिवार्य उपस्थिति का निर्देश
हालांकि, निर्धारित तिथि पर द्वितीय पक्ष की ओर से कोई भी उपस्थित नहीं हुआ. जिसके बाद गैर हाजिरी को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल दंडाधिकारी सदर रांची के कार्यालय से 7 अगस्त को दुबारा नोटिस जारी किया गया. इस नोटिस में कहा गया है कि मामला संवेदनशील है और 11 अगस्त को होने वाली अगली सुनवाई में द्वितीय पक्ष अपनी उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज कराए. इस नोटिस की प्रति कोतवाली थाना प्रभारी को भी भेजी गई है. थाना प्रभारी को कड़ा निर्देश दिया गया है कि वे द्वितीय पक्ष के सभी 15 अधिवक्ताओं तक नोटिस पहुंचाएं और इसकी रिपोर्ट 11 अगस्त 2026 की सुनवाई से पहले अदालत में सौंपना सुनिश्चित करें.

इन वकीलों को जारी किया गया नोटिस
जिन वकीलों को नोटिस जारी किया गया है उसमें कुमार चतुर्वेदी, संजय कुमार विद्रोही, पवन रंजन खत्री, अमरेंद्र कुमार झा, कीर्ति सिंह उर्फ कीर्ति नारायण सिंह, कृष्णा सिंह, प्रमोद कुमार शर्मा, फर्दा उल रिमान, रितेश रोशन उपाध्याय, शंकर कुमार शर्मा, जगदीश प्रसाद साहू, शशि, एमडी अफरोज, समा परवीन और सहला तबस्सुम शामिल हैं. बता दें कि इससे पहले भी उक्त वकीलों को नोटिस जारी हुआ था जिसके बाद वकीलों ने आंदोलन शुरू करते हुए खुद को न्यायिक कार्य से दूर रखा लेकिन इस बीच फिर नोटिस जारी होने से एक बार फिर विवाद गहरा होने के आसार दिख रहे हैं.


