Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने भाजपा पर छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भाजपा पहले पेपर लीक, बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी जैसे मामलों पर अपना रिकॉर्ड देखे.
राहुल गांधी छात्रों की आवाज उठा रहे हैं
कमलेश ने कहा कि राहुल गांधी संसद से लेकर सड़क तक छात्रों के मुद्दे उठा रहे हैं और उनसे लगातार संवाद कर रहे हैं. ऐसे में भाजपा के आरोप बेबुनियाद हैं.
भाजपा पर दोहरे मापदंड का आरोप
उन्होंने कहा कि झारखंड में छात्र अपने अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहे हैं और कांग्रेस उनकी जायज मांगों, निष्पक्ष जांच व पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का समर्थन करती है. भाजपा को आरोप लगाने के बजाय केंद्र सरकार पर भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने का दबाव बनाना चाहिए.
छात्रों को चाहिए समाधान, राजनीति नहीं
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान बातचीत और संवेदनशील फैसलों से होना चाहिए. केवल राजनीतिक बयानबाजी और प्रदर्शन से युवाओं का भविष्य सुरक्षित नहीं होगा.
