सरायकेला: कोल्हान भूमिज समाज द्वारा स्वतंत्रता सेनानी एवं भूमिज विद्रोह (1832-33) के महानायक वीर शहीद गंगा नारायण सिंह जी की 236वीं जयंती के अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक समागम सह विशाल जनसभा का आयोजन आगामी 25 अप्रैल 2026 को रिगल (गोपाल) मैदान, बिष्टुपुर, जमशेदपुर में किया जाएगा. समाज के वरिष्ठ सदस्य राधेश्याम सिंह भूमिज ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन वीर शहीद गंगा नारायण सिंह के अद्वितीय बलिदान, साहस और स्वाभिमान को स्मरण करने के उद्देश्य से किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि गंगा नारायण सिंह ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष कर आदिवासी समाज के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है.
विधायक संजीव सरदार रहेंगे कार्यक्रम संरक्षक
राधेश्याम सिंह भूमिज ने यह भी बताया कि इस कार्यक्रम के संरक्षक पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार हैं, जिनके मार्गदर्शन एवं संरक्षण में यह आयोजन संपन्न होगा. साथ ही उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वीर गंगा नारायण सिंह का चुआड़ विद्रोह में भी अहम योगदान रहा, जो न केवल भूमिज समाज बल्कि देशहित और स्वाभिमान की रक्षा के लिए एक ऐतिहासिक संघर्ष था.
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11 बजे पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण से होगी. इसके पश्चात समाज के गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा. साथ ही विचार गोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं समाज के बुद्धिजीवियों के संबोधन का भी आयोजन किया जाएगा.
अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील
राधेश्याम सिंह भूमिज ने समाज के सभी लोगों, विशेषकर युवाओं, महिलाओं एवं बुद्धिजीवियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को अपनी संस्कृति, इतिहास और परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम होते हैं. कार्यक्रम में कोल्हान क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है.
इस अवसर पर कोल्हान भूमिज समाज के वरिष्ठ राधेश्याम सिंह भूमिज, युवा संगठन के रबिंद्र सिंह सरदार, रोबिन सिंह, सुबोध सिंह मुंडा, जयनाथ सिंह भूमिज,जय सिंह,सुधाकर सिंह,अमर सिंह, भक्त रंजन सिंह सहित अन्य प्रमुख बुद्धिजीवी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: रांची नगर निगम का एक्शन प्लान: टैक्स कलेक्शन में बनेगा नया रिकॉर्ड, रेवेन्यू लॉस बिल्कुल बर्दाश्त नहीं
