रांची: जिले के कांके थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक आंगनबाड़ी महिला सुपरवाइजर पर अपने ही घर में रह रही एक नाबालिग बच्ची की नृशंस हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी सुषमा कुमारी, जो पेशे से आंगनबाड़ी महिला सुपरवाइजर है, वर्ष 2022 में बुढ़मू क्षेत्र से एक बच्ची को उसके परिजनों से यह कहकर लाई थी कि वह उसकी अच्छी तरह से देखभाल और भरण-पोषण करेगी, हालांकि, समय बीतने के साथ बच्ची के परिवार वालों के साथ सुषमा का आर्थिक और अन्य कारणों से विवाद शुरू हो गया. पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि सुषमा कुमारी और उसके सहयोगी (भाई) ने बच्ची को घर में बंधक बना रखा था और उसके साथ लंबे समय से अमानवीय व्यवहार किया जा रहा था.
हत्या और साक्ष्य छिपाने की साजिश:
रांची पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए रविवार की रात बताया कि 10 और 11 अप्रैल की रात को आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से बच्ची को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी और फिर उसकी निर्मम हत्या कर दी. हत्या के बाद अपराध को छिपाने के लिए इसे सामान्य मृत्यु का रूप देने की कोशिश की गई. साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपी शव को अलग-अलग अस्पतालों में ले गए ताकि भ्रम पैदा किया जा सके. कांके थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की, जिससे इस पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ. पुलिस ने इस मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जिनमें सुषमा कुमारी, प्रदीप बारला और संतोष कुमार दास शामिल है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सामान और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं.
