कोडरमा: रांची-पटना मुख्य मार्ग एनएच-20 स्थित कोडरमा घाटी में शुक्रवार दोपहर इथेनॉल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में टैंकर चालक घायल हो गया. टैंकर में इथेनॉल भरा होने के कारण पलटते ही उससे रिसाव शुरू हो गया, जिससे आग लगने और बड़ी दुर्घटना की आशंका बढ़ गई. घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान मौके पर पहुंचे और एहतियातन घाटी के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई.

दमकल की मदद से रिसाव पर काबू
पुलिस ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी. दमकल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर पानी का छिड़काव किया और टैंकर से हो रहे रिसाव पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया. पुलिस की तत्परता से संभावित बड़ा हादसा टल गया. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को कुछ समय के लिए घेराबंदी कर नियंत्रित किया गया, ताकि कोई चिंगारी या दुर्घटना की स्थिति न बने.
शादी के मौसम में यात्रियों को परेशानी
हादसे के कारण कोडरमा घाटी के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. मालवाहक ट्रकों के साथ यात्री बसें और निजी वाहन भी जाम में फंसे रहे. शादी-विवाह के मौसम के कारण बिहार की ओर जा रही कई बारात गाड़ियों को भी घंटों इंतजार करना पड़ा. हालांकि, स्थिति नियंत्रित होने के बाद पुलिस ने धीरे-धीरे वाहनों का परिचालन शुरू कराया. प्रशासन ने अपील की है कि घाटी मार्ग से गुजरते समय वाहन चालक सावधानी बरतें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें.

