पाकुड़: जिले के हिरणपुर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय हाथकाठी में तिथि भोजन सह जन्मोत्सव कार्यक्रम एक बार फिर खास अंदाज में आयोजित किया गया. यह आयोजन अब विद्यालय की पहचान बन चुका है, जहां हर बार बच्चों के चेहरे पर नई मुस्कान और उत्साह के साथ यह परंपरा निभाई जाती है.

विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया था और बच्चों के बीच केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया. नन्हे विद्यार्थियों की खुशी और उत्साह ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया. इसके बाद प्रेमपूर्वक तिथि भोजन कराया गया, जिसमें बच्चों ने एक परिवार की तरह सहभागिता निभाई. आज के विशेष व्यंजन खीर का बच्चों ने खूब आनंद लिया.
इस खास अवसर पर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड साधन सेवी, प्रधानाध्यापक, प्रबंधन समिति एवं माता समिति के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही.
उपस्थित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने विद्यालय के इस निरंतर प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में अपनापन, संस्कार और विद्यालय के प्रति लगाव बढ़ाते हैं.प्राथमिक विद्यालय हाथकाठी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि शिक्षा के साथ-साथ खुशियां बांटना भी उतना ही जरूरी है, और यही इसकी सबसे बड़ी खासियत है.

