गुमला: उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर शहरी क्षेत्र में घरेलू गैस आपूर्ति को व्यवस्थित और सुचारू बनाने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) राजीव नीरज की अध्यक्षता में गूगल मीट के माध्यम से विशेष बैठक आयोजित की गई. इसमें सभी गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी शामिल हुए.

कालाबाजारी पर रोक के लिए रेड टीम का गठन
बैठक में घरेलू गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए विशेष धावा दल (रेड टीम) के गठन का निर्णय लिया गया. यह टीम जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के नेतृत्व में नियमित छापेमारी अभियान चलाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी.
पुलिस बल की तैनाती और निगरानी के निर्देश
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश यादव ने सभी गैस गोदामों में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने की बात कही, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और आपूर्ति बाधित न हो. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गैस वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जाएगी और अवरोध पैदा करने वालों पर कार्रवाई होगी.
Also Read: DIT छात्र परीक्षा विवाद: HC का फैसला, JUT द्वारा मान्य 60 छात्रों की ही वैधता
होम डिलीवरी को बनाया गया प्राथमिकता
एसडीओ राजीव नीरज ने निर्देश दिया कि घरेलू गैस की आपूर्ति घर-घर तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने एजेंसियों को डोर-टू-डोर डिलीवरी व्यवस्था को सख्ती से लागू करने को कहा, ताकि उपभोक्ताओं को गोदाम तक आने की जरूरत न पड़े.
अव्यवस्था और बाधाओं पर प्रशासन सख्त
बैठक में एजेंसी प्रतिनिधियों ने बताया कि कुछ स्थानों पर गैस वाहनों को रोके जाने और गोदामों में भीड़ के कारण होम डिलीवरी प्रभावित हो रही है. इस पर प्रशासन ने पुलिस तैनाती और कड़ी निगरानी के निर्देश दिए.
सख्त कार्रवाई की चेतावनी और लोगों से अपील
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप भगत, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी, अंचल पदाधिकारी हरीश कुमार, बीडीओ अशोक कुमार चोपड़ा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संगीता कुमारी सहित इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे.
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गैस आपूर्ति में किसी भी तरह की अनियमितता या कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई होगी. साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक भीड़ न लगाएं और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.
