Akshaya Tritiya Daan 2026: अक्षय तृतीया हिंदू धर्म के सबसे शुभ और पवित्र दिनों में से एक मानी जाती है. इस दिन को इतना खास माना जाता है ,कि किसी भी शुभ कार्य के लिए अलग से मुहूर्त देखने की जरूरत नहीं होती. मान्यता है कि इस दिन किया गया हर शुभ काम अक्षय फल देता है, यानी उसका लाभ कभी खत्म नहीं होता. इस दिन पूजा-पाठ के साथ दान का भी विशेष महत्व होता है. खास बात यह है कि यदि राशि के अनुसार दान किया जाए, तो इसका फल और भी ज्यादा शुभ माना जाता है. आइए जानते हैं कि अक्षय तृतीया पर आपकी राशि के अनुसार क्या दान करना लाभकारी रहेगा.
मेष और वृश्चिक राशि
मेष और वृश्चिक राशि के स्वामी ग्रह मंगल हैं. इस दिन तांबे के बर्तन, मसूर दाल, लाल कपड़े और गुड़ का दान करना शुभ माना जाता है. इससे मां लक्ष्मी और मंगल ग्रह दोनों की कृपा प्राप्त होती है.
वृषभ और तुला राशि
इन दोनों राशियों के स्वामी शुक्र ग्रह हैं. अक्षय तृतीया पर चावल, चांदी, चीनी और सफेद वस्त्र का दान करना लाभकारी माना जाता है. यह सुख-सुविधा, धन और समृद्धि को बढ़ाने में मदद करता है.
मिथुन और कन्या राशि
मिथुन और कन्या राशि के स्वामी बुध ग्रह हैं. इन राशि के लोगों को खीरा, मूंग दाल, हरे कपड़े और फलों का दान करना चाहिए. इससे सकारात्मक ऊर्जा और बुद्धि का विकास होता है.
कर्क और सिंह राशि
कर्क राशि का स्वामी चंद्रमा और सिंह राशि का स्वामी सूर्य है. कर्क राशि के जातकों को दूध, चावल, दूध से बनी मिठाई और सफेद वस्त्र का दान करना शुभ होता है. वहीं सिंह राशि के लोगों के लिए गेहूं, तांबा, सोना और गुड़ का दान लाभकारी माना जाता है.
धनु और मीन राशि
इन राशियों के स्वामी बृहस्पति ग्रह हैं. अक्षय तृतीया के दिन पीले कपड़े, हल्दी, केला और चना दाल का दान करना बेहद शुभ होता है. इससे बृहस्पति देव और मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है.
मकर और कुंभ राशि
मकर और कुंभ राशि के स्वामी शनि देव हैं. इस दिन कंबल, लोहे की वस्तुएं और काले तिल का दान करना लाभकारी माना जाता है. यह शनि दोष को कम करने और जीवन में सकारात्मक परिणाम लाने में सहायक होता है.
यह भी पढें: सावन सोमवार 2026: कब से शुरू होगा सावन, जानें सोमवार की तारीख और महत्व
