रांची: झारखंड आंदोलनकारी और पूर्व जिला परिषद सदस्य स्व. अनिल टाइगर की पहली पुण्यतिथि पर गुरुवार को कांके चौक स्थित न्यू मार्केट में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया. कांके सेंट्रल महावीर मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

स्व. अनिल टाइगर ने बनाई अपनी अलग पहचान- सुदेश महतो
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुदेश महतो ने अनिल टाइगर को याद करते हुए कहा कि वे समाज सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित व्यक्ति थे. उन्होंने कहा कि अनिल टाइगर ने लंबे समय तक लोगों के बीच रहकर काम किया और अपनी अलग पहचान बनाई. उनकी हत्या बेहद दुखद है और आज भी कई सवाल खड़े करती है.
सुदेश महतो ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सिर्फ हत्यारों की गिरफ्तारी काफी नहीं है. इस घटना के पीछे जो साजिश रची गई, उसका भी पूरा खुलासा होना जरूरी है. उन्होंने कहा कि सच्चाई सामने लाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा.
हकीम अंसारी ने दोहराई सीबीआई से जांच कराने की मांग
कांके उप प्रमुख अजय बैठा ने कहा कि अनिल टाइगर जैसे समाजसेवी की हत्या पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है. वहीं, आजसू नेता हकीम अंसारी ने इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग दोहराई. इस मौके पर अनिल टाइगर की पत्नी लता देवी ने भी पुलिस जांच पर असंतोष जताया और कहा कि यह एक सुनियोजित साजिश है, जिसकी निष्पक्ष जांच किसी केंद्रीय एजेंसी से कराई जानी चाहिए.
कार्यक्रम में आदित्य प्रसाद साहू, रामटहल चौधरी, डॉ. देवशरण भगत, हकीम अंसारी, अनुज महतो समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी ने श्रद्धांजलि अर्पित कर अनिल टाइगर के सामाजिक योगदान को याद किया.
