रांचीः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने शोक संदेश में बेहद भावुक शब्द साझा किए. उन्होंने कहा, आशा जी का जाना केवल कला जगत की नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है. वे केवल एक गायिका नहीं, बल्कि संगीत की वह युगधारा थीं, जिनकी हर प्रस्तुति में जीवन के रंग और आत्मा की सच्चाई झलकती थी.
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उनकी मधुर आवाज ने पीढ़ियों को जोड़ने का काम किया और वे हमेशा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेंगी. उन्होंने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति और प्रशंसकों को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की.
भारतीय संगीत को दीं नई ऊंचाइयां : राज्यपाल
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी प्रख्यात गायिका के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, कि उनकी बहुमुखी प्रतिभा और मधुर स्वर ने भारतीय संगीत को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है. राज्यपाल ने कहा, संगीत जगत में उनका अमूल्य योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा. उन्होंने शोक संतप्त परिजनों और उनके अनगिनत प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं.
