रांची/गुवाहाटी: झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने असम विधानसभा चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंकने की तैयारी कर ली है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन समेत पार्टी के सभी 21 स्टार प्रचारक 28 मार्च से असम के चुनावी रण में उतरेंगे. मुख्यमंत्री 27 मार्च की शाम को ही असम के लिए रवाना हो जाएंगे और अगले दिन से धुआंधार प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे.

झामुमो के 18 प्रत्याशी मैदान में, 3 का नामांकन रद्द:
असम में झामुमो ने शुरुआत में 21 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन स्क्रूटनी की प्रक्रिया के दौरान तीन प्रत्याशियों का नामांकन रद्द हो गया है. अब पार्टी 18 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। जिन प्रत्याशियों का नामांकन रद्द हुआ है,उनमें बोकाजन: प्रताप चिंग रंगफार, माकुम: मुना कर्मकार और तीताबोर: सुनिया तांती शामिल है. पार्टी के सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया गया है और अब वे पूरी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में हैं.
मुख्यमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम:
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन असम चुनाव की पल-पल की जानकारी रांची से ही ले रहे हैं. उनका आधिकारिक दौरा इस प्रकार रहेगा. 27 मार्च की शाम को मुख्यमंत्री असम के लिए प्रस्थान करेंगे. 28 मार्च को गुवाहाटी में प्रवास. इसके बाद दोपहर 2:30 बजे वे हेलीकॉप्टर से गोसाईगांव सीट पर चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचेंगे. 28 मार्च को मुख्यमंत्री लगभग तीन बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे.
रामनवमी के बाद सभी स्टार प्रचारक होंगे सक्रिय:
झामुमो के स्टार प्रचारक असम के 19 विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग मोर्चों पर कमान संभालेंगे. बताया जा रहा है कि झारखंड में रामनवमी की शोभायात्रा संपन्न होने के बाद बाकी सभी स्टार प्रचारक भी असम के लिए कूच कर जाएंगे.हेमंत सोरेन खुद चुनावी रणनीति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. झामुमो का मुख्य फोकस चाय बागान बहुल क्षेत्रों और झारखंडी मूल के मतदाताओं पर है. असम के इस चुनाव को झामुमो के राष्ट्रीय विस्तार की योजना के तौर पर देखा जा रहा है, जहां पार्टी अपनी जड़ें मजबूत करने की कोशिश में है.
