भाजपा का स्थापना दिवस संवैधानिक मूल्यों पर प्रहार का प्रतीक: कांग्रेस

  रांची: भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने निशाना साधा है. प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह मीडिया प्रभारी...

 

रांची: भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने निशाना साधा है. प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि आज का दिन केवल एक राजनीतिक दल के गठन का उत्सव नहीं है, बल्कि यह पिछले कुछ वर्षों में देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक सौहार्द पर हुए निरंतर हमलों की याद दिलाता है.राकेश सिन्हा ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने स्थापना के मूल आदर्शों राष्ट्रवाद, सुशासन और पारदर्शिता से पूरी तरह भटक चुकी है. आज भाजपा की राजनीति केवल समाज को बांटने, ध्रुवीकरण करने और सत्ता के केंद्रीकरण तक सीमित रह गई है.

अर्थव्यवस्था और बेरोजगारी पर घेरा

कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार को आर्थिक मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था गंभीर चुनौतियों के दौर से गुजर रही है. बेरोजगारी अपने चरम पर है और महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है. छोटे और मध्यम वर्ग के व्यवसायी लगातार संघर्ष कर रहे हैं, जबकि सरकार केवल इवेंट मैनेजमेंट और प्रचार में व्यस्त है. भाजपा को अपने स्थापना दिवस पर आत्ममंथन करने की जरूरत है.उन्हें नफरत की राजनीति छोड़कर विकास, रोजगार और सामाजिक सद्भाव की दिशा में ईमानदारी से काम करना चाहिए.

ALSO READ: GGCA ने हटिया क्रिकेट एकेडमी को दी करारी शिकस्त, रॉकमेंस को वॉकओवर से मिली जीत

लोकतंत्र और सामाजिक एकता को खतरा

सिन्हा ने केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिशों से लोकतंत्र कमजोर हो रहा है. धर्म और जाति के आधार पर विभाजनकारी नीतियों ने देश की समावेशी संस्कृति को खतरे में डाल दिया है.भाजपा सरकार ने किसानों, युवाओं और मजदूरों के हितों को पूरी तरह नजरअंदाज किया है. किसानों को फसल का सही दाम नहीं मिल रहा और युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं. कांग्रेस देश के संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. जनता के मुद्दों को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाती रहेगी.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *