गुमला: भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर भाजपा गुमला द्वारा जिला कार्यालय डुमरडीह में जिलाध्यक्ष सागर उरांव की अध्यक्षता में पार्टी का झंडा फहराया गया. इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्थापना दिवस की बधाई दी.
कार्यक्रम में उपस्थित झारखंड विधानसभा के पूर्व स्पीकर दिनेश उरांव ने कहा कि राष्ट्रवाद, सेवा और सुशासन की भावना के साथ आगे बढ़ते हुए भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हुई है. उन्होंने कहा कि अपने नीति और सिद्धांत के बल पर ही 2 सीटों से शुरू हुई भाजपा आज 300 तक पहुंची है और पिछले 11 वर्षों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में एक सशक्त सरकार चल रही है.
उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जो सत्ता में आने के बाद गांव के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए ईमानदारी से काम करती है. कांग्रेस शासनकाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उस समय गांवों में मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं थीं, जबकि भाजपा शासन में व्यापक बदलाव देखने को मिला है. उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा शासित राज्यों में विकास की तस्वीर देखकर अन्य राज्यों के लोग भी ऐसी सुविधाओं की अपेक्षा करते हैं.
दिनेश उरांव ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा में लगा हुआ है, जिसके कारण लोगों का विश्वास पार्टी के प्रति लगातार बढ़ता जा रहा है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके शासन में आम लोगों के हितों की रक्षा और विकास के कार्य प्रभावी ढंग से हो रहे हैं. साथ ही उन्होंने अटल बिहारी वाजपेई सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के योगदान को भी याद किया.

युवाओं की पहली पसंद बनी भाजपा
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष अनूप अधिकारी ने कहा कि आज युवाओं की पहली पसंद भाजपा बन चुकी है. उन्होंने कहा कि देश के अधिकांश राज्यों में भाजपा की सरकार होना इस बात का प्रमाण है कि युवाओं का रुझान पार्टी की ओर बढ़ रहा है. भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां हर व्यक्ति को देश सेवा का अवसर मिलता है. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवा भाजपा से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाना चाहते हैं, जो पार्टी के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है.
ALSO READ: BREAKING: झारखंड में शिकायतों के निपटारे को लेकर कल बड़ी बैठक, गृह विभाग ने DGP को लिखा पत्र
स्थापना दिवस पूरे जिले में मनाया जा रहा
जिलाध्यक्ष सागर उरांव ने बताया कि जिले के सभी मंडलों में स्थापना दिवस का कार्यक्रम मनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में झारखंड में व्यापक बदलाव देखने को मिला है, जिसका प्रभाव दूरदराज के इलाकों में भी नजर आ रहा है.
उन्होंने कहा कि पहले जिन क्षेत्रों में असुरक्षा का माहौल रहता था, वहां अब शांति और विकास का वातावरण है. केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से गांव के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंच रही हैं. उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन भाजपा कार्यकर्ताओं की समर्पित भावना और निरंतर प्रयासों का परिणाम है.
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष मुनेश्वर साहू, नगर परिषद अध्यक्ष शकुंतला उरांव, निर्मल गोयल, विजय मिश्रा, सत्यनारायण पटेल, यशवंत सिंह, संदीप प्रसाद, किशोर मिश्रा, राजेश कुमार सिंह, कौशलेंद्र जमुवार, विकास कुमार सिंह, हरिहर साहू, प्राण गोविंद दत्ता, दिनेश सिंह, विजय शंकर दास, जय साहू, रामस्वरूप सिंह, लक्ष्मीकांत बड़ाईक, खुशी कुमारी, लक्ष्मी देवी, निशा कुमारी, सूरज सिंह, उदय खेरवार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.
