रांची/रामगढ़: झारखंड के अलग-अलग जिलों के लिए शनिवार का दिन हादसों और मातम भरा रहा. रामगढ़, अनगड़ा और रातू थाना क्षेत्रों में हुए भीषण सड़क हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं.वहीं, रांची के नामकुम में एक किशोर द्वारा बाइक की मांग पूरी न होने पर आत्महत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है.
रामगढ़ में हाइवा ने बाइक सवार को 40 फीट तक घसीटा, मौत:
रामगढ़ जिले के कुजू ओपी अंतर्गत कोरिया घाटी में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ. स्पंज लदे एक अनियंत्रित हाइवा (JH 02 AY-1294) ने बाइक (JH 24L-3251) को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद केदला कलाली मोड़ निवासी भीम चौहान (55 वर्ष) हाइवा के नीचे फंस गए. चालक ने मानवीयता को ताक पर रखते हुए बाइक सवार को करीब 40 फीट तक घसीटा.
राहगीरों ने हिम्मत दिखाकर हाइवा को रुकवाया और फंसे हुए व्यक्ति को बाहर निकाला. कुजू पुलिस ने घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
रांची के अनगड़ा में नाना की बाइक से टकराई नाती की बाइक, नाती की मौत:
अनगड़ा-गेतलसूद मार्ग पर रामदगा मध्य विद्यालय के पास एक बेहद दुखद और अजीबोगरीब हादसा हुआ. यहां सड़क पर आमने-सामने की टक्कर में रिश्ते में नाना-नाती लगने वाले दो लोग आपस में ही टकरा गए. शनिवार दोपहर करीब एक बजे विकास मुंडा (16 वर्ष) अपने साथी महेंद्र मुंडा के साथ तेज रफ्तार बाइक से जा रहा था. तभी गली से मुख्य सड़क पर उसके नाना पंथू मुंडा (62 वर्ष) अपनी बाइक लेकर निकले. रफ्तार अधिक होने के कारण दोनों बाइकों में सीधी भिड़ंत हो गई.विकास मुंडा ने रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया. नाना पंथू मुंडा और साथी महेंद्र मुंडा गंभीर रूप से घायल हैं.
रांची के रातू में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से स्टेडियम केयरटेकर की मौत:
रांची के रातू थाना क्षेत्र स्थित एनएच-39 पर मखमंद्रो के पास शनिवार शाम एक अज्ञात वाहन ने दो युवकों को रौंद दिया. मृतक की पहचान बूटी निवासी रोहन पाहन (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बेलांगी स्टेडियम में केयरटेकर था. हादसे में घायल अनुप तिग्गा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बैरियर लगाकर सड़क जाम कर दिया, जिसे हटाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
रांची के नामकुम में केटीएम बाइक नहीं मिली, तो मैट्रिक पास छात्र ने दी जान:
सड़क हादसों के बीच नामकुम के टाटी बस्ती से एक विचलित करने वाली खबर आई. यहां 16 वर्षीय साहिल कुमार मंडल ने अपनी जान दे दी. साहिल पिछले कई दिनों से KTM 250 बाइक खरीदने की जिद कर रहा था।परिजनों ने समझाया था कि ड्राइविंग लाइसेंस बनने के बाद उसे बाइक दिला दी जाएगी.इसी बात से नाराज होकर साहिल ने शुक्रवार देर रात अपने कमरे में फांसी लगा ली.पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
