रांची: झारखंड के लिए यह रविवार (22 फरवरी) खूनी घटनाओं से भरा रहा. राज्य के तीन अलग-अलग जिलों पलामू, जामताड़ा और बोकारो में हुई सनसनीखेज हत्याओं ने विधि-व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिए हैं. कहीं प्रेम प्रसंग में मॉब लिंचिंग हुई, तो कहीं दिनदहाड़े सरेआम गोली मारकर दो युवक की हत्या कर दी गई. गोली मारने की घटना भीड़भाड़ वाले में इलाके में हुई और अपराधी आसानी से फरार होने में सफल भी रहे.

पलामू में प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत,चोर बताकर युवक की पीट-पीटकर हत्या
पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र के तेलियाही गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां शनिवार की देर रात कोकरसा निवासी पवन कुमार की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. शुरुआती जांच में इसे बैटरी चोरी का मामला बताया जा रहा था, लेकिन पुलिस की गहरी छानबीन में प्रेम प्रसंग की बात सामने आई. पवन अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव गया था, जहां लड़की के परिजनों ने उसे पकड़ लिया. मामले को दूसरा रंग देने के लिए परिजनों ने चोर-चोर का शोर मचाया, जिससे उग्र हुई भीड़ ने पवन पर बेरहमी से हमला कर दिया. पुलिस ने घायल पवन को भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया.वर्तमान में गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है. इस मामले में कई आरोपी को पुलिस ने पकड़ा है.
जामताड़ा में नाश्ते की दुकान पर दिनदहाड़े मुंह में सटाकर मारी गोली
जामताड़ा के नारायणपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के दुस्साहस ने लोगों को हिलाकर रख दिया है. यहां धर्मपुर मोड़ पर रविवार सुबह करीब नौ बजे फुरकान अंसारी (40 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई. फुरकान एक दुकान पर नाश्ता कर रहे थे, तभी दो बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे. उन्होंने अत्यंत करीब से फुरकान के मुंह में गोली मार दी. भागते समय अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस अब घटनास्थल से बरामद खोखों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छापेमारी कर रही है.
बोकारो रेलवे स्टेशन जैसे सुरक्षित क्षेत्र में सरेआम हत्या
तीसरी बड़ी घटना बोकारो स्टील सिटी से सामने आई, जहां रेलवे स्टेशन के टेम्पो स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में अपराधियों ने सचिन यादव नामक युवक को मौत के घाट उतार दिया. रविवार शाम सचिन स्टैंड के पास खड़ा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर दो गोलियां दाग दीं. वारदात के बाद हमलावर भीड़ का फायदा उठाकर आसानी से फरार हो गए.बोकारो जनरल अस्पताल में सचिन को मृत घोषित कर दिया गया. जीआरपी और स्थानीय पुलिस इसे आपसी रंजिश का मामला मानकर जांच कर रही है और स्टेशन के पास लगे कैमरों को खंगाला जा रहा है.

