बुंडू (रांची): वर्षों से अधूरी उम्मीदों का प्रतीक बना बुंडू बाजार स्थित अस्पताल अब जल्द ही लोगों को राहत देने के लिए तैयार हो सकता है. स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाने के उद्देश्य से बुंडू अनुमंडल कार्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें अस्पताल को शीघ्र चालू करने को लेकर ठोस निर्णय लिए गए.

बैठक में तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अस्पताल से जुड़ी सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए, ताकि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके. उन्होंने कहा कि “अस्पताल बनकर तैयार है, अब इसे चालू करने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.”
बैठक में अस्पताल की वर्तमान स्थिति पर चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण समस्याएं सामने आईं. तीन फेज बिजली कनेक्शन की कमी, अल्ट्रासाउंड मशीन का अभाव, लिफ्ट की जरूरत और क्षतिग्रस्त चहारदीवारी जैसे मुद्दों को गंभीरता से उठाया गया. साथ ही अस्पताल तक पहुंचने वाले मुख्य मार्ग की खराब हालत, गेट की व्यवस्था, जांच सुविधाओं की कमी और लैब को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया.
खास बात यह रही कि अस्पताल में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर पूरी तरह तैयार है, लेकिन आवश्यक उपकरण और संसाधनों के अभाव में अब तक इसका उपयोग शुरू नहीं हो सका है. वहीं, अस्पताल की सूमो गाड़ी और एक एम्बुलेंस भी खराब पड़ी है, जिससे आपातकालीन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं.
विधायक ने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि सभी जरूरी संसाधनों की व्यवस्था जल्द पूरी कर अस्पताल को हर हाल में चालू किया जाए. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस काम में किसी तरह की देरी सीधे तौर पर जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ होगी.
बैठक में एसडीएम, चिकित्सा प्रभारी, अंचल अधिकारी समेत कई पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे. अब देखना होगा कि इस पहल के बाद बुंडू के लोगों को कब तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल पाता है.
