रांची: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के 100 साल पूरे होने के मौके पर 15 मार्च 2026 को रांची में शताब्दी समारोह आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व सांसद डी. राजा मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे. इस कार्यक्रम की तैयारी को लेकर भाकपा के राज्य कार्यालय, रांची में बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता किसान सभा के राज्य संयोजक भंते जैनेंद्र तथागत ने की.

पार्टी ने हमेशा शोषण, अन्याय और भेदभाव के खिलाफ की लड़ाई
बैठक में भाकपा के राज्य सचिव महेंद्र पाठक ने बताया कि पूरे झारखंड में समारोह की तैयारी चल रही है. संथाल परगना, उत्तरी छोटानागपुर, दक्षिणी छोटानागपुर, कोल्हान और पलामू क्षेत्रों में भी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता तैयारी में लगे हुए हैं. उन्होंने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना 26 दिसंबर 1925 को हुई थी. पिछले 100 वर्षों में पार्टी ने मजदूरों, किसानों, महिलाओं, छात्रों और नौजवानों के हक के लिए कई आंदोलन किए हैं. पार्टी हमेशा शोषण, अन्याय और भेदभाव के खिलाफ लड़ती रही है.
15 मार्च को होगा कार्यक्रम का समापन
शताब्दी वर्ष के मौके पर पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर भी कार्यक्रम हो रहे हैं. इन कार्यक्रमों का समापन 15 मार्च को रांची में होने वाले राज्य स्तरीय समारोह के साथ होगा. मुख्य कार्यक्रम रांची के अटल मार्केट के चौथे तले स्थित शहीद मजरुल हसन खान सभागार में होगा. इस कार्यक्रम में डी. राजा, राज्यसभा सांसद पी. संतोष, राष्ट्रीय सचिव रामकृष्ण पांडा, पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री कुमार मुखर्जी, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. रनेंद्र कुमार, प्रोफेसर डॉ. मिथिलेश सिंह और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. मिथिलेश डांगी सहित कई लोग अपने विचार रखेंगे.
कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी कार्यालय के सामने झंडा फहराकर की जाएगी. साथ ही पार्टी कार्यालय के नए भवन के निर्माण के लिए आधारशिला भी रखी जाएगी. भाकपा के राज्य सचिव महेंद्र पाठक ने पार्टी के सभी जन संगठनों और कार्यकर्ताओं से अपील की है, कि 15 मार्च को ज्यादा से ज्यादा संख्या में रांची पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं.
यह भी पढ़ें: झारखंड: अर्चना मेहता समेत 15 राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी बने IAS, केंद्र सरकार ने जारी की अधिसूचना

