News Desk: चैत्र नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर मां महागौरी की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन देवी के इस स्वरूप की उपासना करने से पापों का क्षय होता है और जीवन की परेशानियां कम होने लगती हैं. कहा जाता है कि मां महागौरी को नारियल और उससे बनी मिठाइयों का भोग बेहद पसंद होता है, इसलिए इस दिन इसका विशेष महत्व माना जाता है.


इसी वजह से मां महागौरी की पूजा में नारियल से बनी मिठाई अर्पित करना शुभ माना जाता है. आप इस खास मौके पर नारियल की बर्फी बनाकर भोग लगा सकते हैं. अच्छी बात यह है कि यह मिठाई बहुत ही आसान तरीके से और कम सामग्री में घर पर तैयार की जा सकती है. चलिए जानते हैं, कैसे बनाएं स्वादिष्ट नारियल की बर्फी.
आवश्यक सामग्री
- 2 कप ताजा कद्दूकस किया हुआ नारियल
- 1 कप चीनी (अपने स्वाद के अनुसार एडजस्ट कर सकते हैं)
- 1 कप फुल क्रीम दूध
- ½ कप मावा या कंडेंस्ड मिल्क
- ½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- 2 बड़े चम्मच घी
- गार्निशिंग के लिए बारीक कटे बादाम और पिस्ता
बनाने की विधि
- सबसे पहले एक मोटे तले की कड़ाही में घी गरम करें. इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल डालकर हल्की आंच पर कुछ मिनट तक चलाते हुए पकाएं, बस इतना कि इसकी नमी थोड़ी कम हो जाए, रंग नहीं बदलना चाहिए.
- अब इसमें दूध डालें और धीमी आंच पर पकाते रहें, जब तक नारियल दूध को अच्छे से सोख न ले. इसके बाद चीनी मिलाएं। चीनी घुलते ही मिश्रण ढीला लगेगा, लेकिन इसे लगातार चलाते रहें.
- जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तब इलायची पाउडर डालें. अगर मावा इस्तेमाल कर रहे हैं, तो इसे इसी स्टेज पर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. इससे बर्फी का स्वाद और रिच हो जाता है.
- मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक यह कड़ाही छोड़ने न लगे और एकसाथ होकर गाढ़ा न हो जाए.
- अब एक प्लेट या ट्रे को घी से चिकना करें और तैयार मिश्रण उसमें निकालकर बराबर फैला दें. ऊपर से कटे हुए बादाम-पिस्ता डालकर हल्के से दबा दें.
- इसे 2–3 घंटे के लिए ठंडा होने दें. सेट हो जाने पर मनचाहे आकार में काट लें और स्वादिष्ट नारियल बर्फी का आनंद ले.
तैयार नारियल बर्फी को मां महागौरी को भोग लगाकर पूजा पूरी करें और फिर प्रसाद के रूप में सभी में बांटें.
