गिरिडीह: जिले में शनिवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब शराब के नशे में धुत कार सवार युवकों ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया. एक्सीडेंट के बाद पिस्टल लहराने के आरोप से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और फिल्मी अंदाज में पीछा कर दो युवकों को धर दबोचा, जबकि दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.
कैसे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, चार युवक ब्लू रंग की स्विफ्ट डिज़ायर कार से पाल्मो की ओर से गिरिडीह आ रहे थे. इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी के पास उनकी कार ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और कार सवारों को घेर लिया.
पिस्टल लहराकर फैलाई दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घिरता देख युवकों ने पिस्टल निकालकर लहराना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थिति बिगड़ती देख सभी युवक कार लेकर वहां से फरार हो गए.
पुलिस का फिल्मी अंदाज में पीछा
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस ने तुरंत पीछा शुरू किया. पुलिस को देखते ही आरोपी तेज रफ्तार में भागने लगे और इस दौरान दो अन्य लोगों को भी टक्कर मार दी. काफी देर तक चले पीछा करने के बाद पुलिस ने पचंबा थाना क्षेत्र के लखारी के पास वाहन को पकड़ लिया.
दो आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
पुलिस ने मौके से बिहार के सिवान जिला के महाराजगंज निवासी नरेश सिंह और नितेश सिंह को हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है कि इनमें से एक युवक पूरी तरह नशे में था और बोलने की स्थिति में भी नहीं था, जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है. वहीं, कार में सवार दो अन्य युवक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है.
हथियार फेंकने का दावा, सर्च ऑपरेशन जारी
सूत्रों का दावा है कि पुलिस को देखकर युवकों ने चलते वाहन से पिस्टल फेंक दी थी. इस आधार पर पुलिस ने इलाके में सर्च अभियान भी चलाया, लेकिन खबर लिखे जाने तक हथियार बरामद नहीं हो सका है.
पुलिस का बयान
मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि कार से पहले एक सड़क दुर्घटना हुई थी. ग्रामीणों के अनुसार कार सवारों ने पिस्टल दिखाकर भागने की कोशिश की. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है, हालांकि पूरे इलाके में दोबारा सघन जांच की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
