चतरा: जिले में चल रहे मतदान के दौरान डीसी कृतिश्री जी और एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, मतदान प्रक्रिया और मतदाताओं की सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की.

प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक इंतजाम किए गए
वहीं 11 बजे तक 23.46% मतदान दर्ज की गई है. निरीक्षण के दौरान डीसी कृतिश्री ने कहा कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से मतदान कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं ताकि मतदाता बिना किसी डर और असुविधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें.
उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें. उन्होंने कहा कि मतदाताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है और लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं.
मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
वहीं SP सुमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि जिले में शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है. सभी मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. साथ ही लगातार गश्ती दल सक्रिय हैं और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है.

