रांची: झारखंड के ग्रामीण और शहरी इलाकों में इन दिनों बच्चा चोर गिरोह के सक्रिय होने की अफवाहों ने पुलिस और प्रशासन की नींद उड़ा दी है. सोशल मीडिया, खासकर व्हाट्सएप के जरिए फैल रही इन भ्रामक खबरों के कारण कई जिलों में तनाव का माहौल है, स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि पुलिस को लोगों से अफवाह पर ध्यान नहीं देने और शांति की अपील करनी पड़ रही है. पिछले चार दिनों के दौरान राज्य के अलग-अलग जिलों में जैसे कि जमशेदपुर, बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा, चतरा, धनबाद से दस ऐसी खबरें आयी है. जहां भीड़ ने केवल शक के आधार पर अनजान लोगों या विक्षिप्त व्यक्तियों को निशाना बनाया है.

किसी भी संगठित गिरोह की पुष्टि नहीं
पुलिस की जांच में अब तक बच्चा चोरी की किसी भी संगठित गिरोह की पुष्टि नहीं हुई है. यह पूरी तरह से अफवाह है जिसे कुछ शरारती तत्व हवा दे रहे हैं. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान नहीं दें. झारखंड पुलिस के लिए इस समय दोहरी चुनौती है. पहली अफवाहों को रोकना और दूसरी भीड़ द्वारा की जाने वाली हिंसा (लिंचिंग) को रोकना. अफवाह के कारण लोग इतने डरे हुए हैं कि वे किसी भी अजनबी को देखते ही हमलावर हो जा रहे हैं.
कई मामलों में निर्दोषों को बेरहमी से पीटा
जाने पिछले चार दिनों में बच्चा चोरी की अफवाह में कब-कब निर्दोष लोगों को बनाया गया निशान
– 18 फरवरी: धनबाद के बाघमारा थाना क्षेत्र में बच्चा चोर की अफवाह के चलते मंगलवार को भीड़ ने दो महिलाओं पर हमला किया. पुलिस ने दोनों महिलाओं को भीड़ से बचाकर थाने पहुंचाया.
– 17 फरवरी: चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र के चिरैयाटांड़/किचटो में बच्चा चोरी के शक में एक व्यक्ति की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी. जिससे उसकी मौत हो गई.
– 17 फरवरी: जमशेदपुर जिले के धालभूमगढ़ में बच्चा चोरी के शक में ग्रामीण ने एक युवक को घेर लिया.
– 17 फरवरी: जामताड़ा, रामगढ़ और गिरिडीह में अफवाह के कारण ग्रामीणों द्वारा संदिग्ध समझकर लोगों के साथ मारपीट और पकड़ने की घटनाएं सामने आईं.
– 16 फरवरी: लातेहार के बालूमाथ़ प्रखंड क्षेत्र के शेरेगड़ा गांव में सोमवार की देर रात बच्चा चोर समझ कर एक युवक की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी थी.
– 16 फरवरी: बोकारो जिले में बच्चा चोर गैंग के अफवाह में 6 संदिग्ध महिलाओं को पकड़ा गया है. गांधीनगर थाना क्षेत्र के बेरमो थाना क्षेत्र का मामला है. स्थानीय लोगों ने सभी महिलाओं से पूछताछ शुरू की तो इन लोगों का जवाब संतोषजनक नहीं था. इसके बाद महिलाओं के साथ भीड़ ने मारपीट शुरू कर दी थी.
– 15 फरवरी: जमशेदपुर जिले के श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र के चंदनपुर गांव में पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना से आए दो सपेरों को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया था.
– 13 फरवरी: बोकारो शहर में बच्चा चोरी की अफवाह का शिकार हो गए. गुस्से में भड़के स्थानीय लोगों ने उत्तर प्रदेश से आई एक गाड़ी को निशाना बनाया और उसमें बैठे लोगों की पिटाई कर दी. पुलिस की तत्परता से उनकी जान बची और उन्हें सुरक्षा मिली थी.

