रांची: झारखंड के लोक पर्व और प्रकृति के उत्सव सरहुल’ के अवसर पर राजधानी रांची में एक अनोखा दृश्य देखने को मिला. राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन और अपने दोनों बेटे के साथ सिरमटोली स्थित सरना स्थल पहुंचे, लेकिन इस बार उनका अंदाज बिल्कुल जुदा था. मुख्यमंत्री किसी प्रोटोकॉल के तहत पीछे की सीट पर बैठने के बजाय खुद कार ड्राइव कर पूजा स्थल पहुंचे. विधायक कल्पना सोरेन ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट की है. जो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में सीएम सोरेन सरहुल के गाने का आनंद लेते हुए आत्मविश्वास के साथ स्टीयरिंग थामे नजर आ रहे हैं, जबकि कल्पना सोरेन पीछे वाली सीट पर बैठी हैं. यह सादगी भरा अंदाज समर्थकों और राज्यवासियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.


प्रकृति और मानव के अटूट संबंध का संदेश:
पूजा अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने समस्त राज्यवासियों को सरहुल की बधाई दी और जोहारकिया। उन्होंने इस पर्व की महत्ता पर जोर देते हुए कहा,सरहुल केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और मानव जीवन के बीच के गहरे और अटूट संबंध का प्रतीक है. यह हमें सिखाता है कि जल, जंगल और जमीन के साथ संतुलन बनाकर ही हम एक समृद्ध और सतत भविष्य की ओर बढ़ सकते हैं.

