Ranchi: राजधानी के धुर्वा क्षेत्र में एक शातिर ठग द्वारा सब्जी विक्रेता का मोबाइल फोन लेकर भागने और उसके बैंक खाते से एक लाख रुपये की अवैध निकासी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना को लेकर जगन्नाथपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.
बात करने के बहाने लिया मोबाइल, खाते से 13 बार में उड़ाए रुपये
जानकारी के अनुसार, धुर्वा के जे.पी. मार्केट के रहने वाले धनंजय साह (42 वर्ष) बीते 14 मई 2026 की सुबह करीब 7:00 बजे शहीद मैदान बाजार (सेक्टर-02) में अपनी सब्जी की दुकान लगाए थे. सुबह करीब 8:00 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान पर ग्राहक बनकर आया और आलू की बोरी का दाम पूछने लगा.

पीड़ित दुकानदार ने जब आलू की कीमत 1500 रुपये प्रति बोरी बताई, तो ठग ने पांच बोरी आलू टेम्पू में लोड करवा दिया. इसके बाद उसने झांसा देते हुए कहा कि उसे अपने घर पर फोन करना है और धनंजय साह से उनका मोबाइल फोन मांग लिया. पीड़ित ने जैसे ही फोन दिया, आरोपी बात करने का नाटक करते हुए दुकान से धीरे-धीरे खिसका और रफूचक्कर हो गया.
दुकानदार ने जब खुद को ठगा पाया, तो उसने तुरंत पास के ही एक अन्य व्यक्ति (बिरेन्द्र कुमार) के मोबाइल से अपने नंबर पर कॉल किया. शातिर ठग ने फोन उठाया और बोला कि वह बाजार में ही है और बस आ रहा है. इसके बाद पीड़ित ने तीन-चार बार और फोन लगाया तो बात हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद आरोपी ने मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया.
मोबाइल हाथ में आते ही ठग ने धनंजय साह के पंजाब नेशनल बैंक (शाखा- सेक्टर-03, धुर्वा) के खाते से अलग-अलग डिजिटल ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 13 बार में एक लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली. घटना के अगले दिन, यानी 15 मई 2026 को पीड़ित धनंजय साह ने जगन्नाथपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई.
जगन्नाथपुर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह के निर्देश पर दारोगा लक्ष्मण महली को इस मामले का जांच अधिकारी (I.O.) बनाया गया है, जो ठग की तलाश में जुट गए हैं.
