Ranchi: झारखंड गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों से घिरे एक अधिकारी की दुमका में नियुक्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. पूर्व कंपनी कमांडर कैलाश प्रसाद यादव ने दुमका के उपायुक्त (DC) को पत्र लिखकर नवनियुक्त निरीक्षक अनुज कुमार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं और उन्हें किसी भी सरकारी कार्य से दूर रखने की मांग की है.
Also Read: रामगढ़: पतरातू में भारी तनाव, पीटीपीएस आवासीय परिसर खाली कराने के विरोध में सड़क पर उतरे हजारों लोग
क्या लिखा है पत्र में
शिकायत के लिए लिखे गए पत्र में कहा गया है कि निरीक्षक अनुज कुमार इससे पहले गृह रक्षा वाहिनी मुख्यालय रांची में तैनात थे. उन पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी कार्यों में अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले अपने और अपनी पत्नी के बैंक खातों में घूस की राशि ली थी. आरोपों के बाद महानिदेशक-सह-महासमादेष्टा द्वारा अनुज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था और मामले की जांच के लिए एसआईटी (SIT) का गठन किया गया था.
भ्रष्टाचार के आरोप सही पाए गए थे
एसआईटी की जांच रिपोर्ट में अनुज कुमार पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप सही पाए गए थे. शिकायतकर्ता ने अनुज कुमार द्वारा अपनी पत्नी के खाते में लिए गए ऑनलाइन घूस के प्रमाण भी आवेदन के साथ संलग्न किए हैं. कैलाश प्रसाद यादव ने पत्र में कहा है कि इतने गंभीर आरोपों और दोषसिद्धि के बावजूद एक दागी अधिकारी को निलंबन से मुक्त कर दुमका जिले में नियुक्त कर दिया गया है.
