रांची: राजधानी रांची में बस व ऑटो स्टैंड का ठेका लेने वाले ठेकेदार के लोग शहर की प्रमुख सड़कों पर ऑटो चालकों से अवैध वसूली कर रहे हैं. अवैध वसूली की शिकायत निगम से लेकर ट्रैफिक पुलिस तक पहुंच चुकी है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. निगम की ओर से पहली बार ऑटो से अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की गई है.
अवैध वसूली पर निगम सख्त, एफआईआर की चेतावनी
निगम के सहायक नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि शहर में निगम के केवल तीन अधिकृत ऑटो स्टैंड हैं. इन स्टैंड से प्रति ऑटो 30 रुपए वसूले जाते हैं. फिलहाल न्यू मार्केट स्टैंड का टेंडर फाइनल नहीं हुआ है. ऐसे में इस स्टैंड से पार्किंग शुल्क की वसूली निगम के होमगार्ड जवान कर रहे हैं.
निगम ने साफ कहा है कि यदि किसी अन्य व्यक्ति या बस-ऑटो स्टैंड के पूर्व ठेकेदारों द्वारा ऑटो चालकों से अवैध वसूली की जाती है, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. निगम ने यह भी कहा है कि यदि किसी के पास टोल वसूली से जुड़े साक्ष्य हैं, तो वे संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कराएं. ऐसे मामलों में निगम भी कार्रवाई करेगा.
ऑटो चालकों से अपील, अवैध वसूली न दें
निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि सड़क पर टोल वसूली करना अपराध है. ऑटो चालकों से अपील की गई है कि वे अवैध वसूली करने वालों को पैसा न दें. जानकारी के अनुसार शहर में करीब 10 हजार ऑटो चल रहे हैं, जिससे रोजाना लाखों रुपए की वसूली की आशंका जताई जाती है.
ये तीन स्टैंड ही निगम के पास, बाकी अवैध
- संत जेवियर कॉलेज के सामने, सदर अस्पताल के मुख्य गेट से संत जेवियर इंटर कॉलेज के सामने तक ऑटो स्टैंड की बंदोबस्ती की गई है.
- अरगोड़ा चौक के पास कडरू रोड से पुराना अरगोड़ा रोड तक ऑटो स्टैंड की बंदोबस्ती की गई है.
- न्यू मार्केट ऑटो स्टैंड, रातू रोड चौक एवं नागा बाबा खटाल ऑटो स्टैंड का टेंडर किया गया है. यहां होमगार्ड के जवान टोल वसूली कर रहे हैं.
