दुमका: तालझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत तालझारी हाट के समीप एक स्वर्ण व्यवसायी से चार नकाबपोश अपराधियों ने करीब 9.50 लाख रुपए मूल्य के सोने चांदी के आभूषण लूट लिए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
बाइक रोककर पिस्तौल की नोक पर लूट
इस संबंध में पीड़ित आभूषण विक्रेता दिलीप कुमार साह, पिता स्वर्गीय रामदेव साह ने बताया कि वह कुशमाहा गांव का निवासी है और तालझारी हाट के पास आभूषण की दुकान चलाता है. बीते 8 अप्रैल की संध्या वह दुकान बंद कर जेवरात थैले में रखकर बाइक से घर लौट रहा था. उसके साथ एक संबंधी हरिनंदन साह भी मौजूद थे.
इसी दौरान रास्ते में पीछे से दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश अपराधियों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया. अपराधियों ने दिलीप साह के कनपटी पर पिस्तौल सटा दी और उनके हाथ में पकड़ी जेवर से भरी थैली छीन ली. विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया.
2 किलो चांदी और 35 ग्राम सोना लेकर फरार
पीड़ित के अनुसार थैले में करीब 2 किलोग्राम चांदी और 35 ग्राम सोना था, जिसकी कुल कीमत लगभग 9.50 लाख रुपए बताई गई है. अपराधियों के पास नीले रंग की अपाचे बाइक थी. लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी तालझारी के पुराना थाना गली की ओर से फरार हो गए.
पुलिस जांच में जुटी, व्यवसायी दहशत में
तालझारी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. घटना के बाद क्षेत्र के व्यवसायियों में भय का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
