स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा में डीसी सख्त : कुपोषित बच्चों के इलाज, सेविका चयन में पारदर्शिता और टीकाकरण पर जोर

Ranchi: समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में शनिवार को स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक...

Ranchi: समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में शनिवार को स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने की. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक हर हाल में पहुंचना चाहिए. समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें कुपोषण उपचार केंद्र (एमटीसी) में शत-प्रतिशत भर्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बच्चों को समय पर समुचित इलाज और पोषाहार उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए.

यह भी पढ़ें : फर्जी सेना अधिकारी गिरफ्तार: भर्ती के नाम पर 70 लाख रुपये का गबन

गड़बड़ी होने पर होगी सख्त कार्रवाई : उपायुक्त

बैठक में आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका के रिक्त पदों पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने चयन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण और भूमि चिन्हितीकरण की समीक्षा के दौरान कांके और सोनाहातू प्रखंड में कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया गया. वहीं, एक शिक्षक के खिलाफ शोकॉज जारी करने को भी कहा गया.

आंगनबाड़ी केंद्रों में सुविधा बहाल करने के निर्देश

बेड़ो और मांडर प्रखंड के कुपोषण उपचार केंद्रों में कम नामांकन पर नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने संबंधित महिला पर्यवेक्षिकाओं को शोकॉज जारी कर उनके वेतन पर रोक लगाने का आदेश दिया. आंगनबाड़ी केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए रसोई, बिजली, शौचालय और पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया. लंबित बिजली कनेक्शन के मामलों में शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग से समन्वय करने को कहा गया.

यह भी पढ़ें : राज्य सेवा के तीन अफसरों पर गिरी गाज : भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के मामले में अब चलेगी विभागीय कार्रवाई

“लोगों को झोलाछाप डॉक्टरों को लेकर करें जागरूक”

उपायुक्त ने संस्थागत प्रसव और टीकाकरण को लेकर विशेष जोर देते हुए कहा कि ड्यू लिस्ट के अनुसार शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए. साथ ही वीएचएसएनडी के माध्यम से टीकाकरण अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए. पोषण ट्रैकर ऐप में 100 प्रतिशत डाटा एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि इससे योजनाओं की निगरानी अधिक सटीक तरीके से की जा सकेगी. बैठक में झोलाछाप डॉक्टरों से सावधान रहने के लिए आम लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को सही चिकित्सा सेवाओं के प्रति जागरूक करें.

लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत

इसके अलावा मुख्यमंत्री मईंयां सम्मान योजना की समीक्षा करते हुए लंबित सत्यापन कार्य जल्द पूरा कर लाभुकों को योजना का लाभ दिलाने तथा डुप्लीकेसी रोकने के निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने अंत में सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *