धनबाद: जिला न्यायालय इन दिनों न्याय के मंदिर से ज्यादा खौफ के साये में तब्दील होता नजर आ रहा है. जिला न्यायालय को एक बार फिर ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है. पिछले कुछ समय में यह चौथी बार है जब न्यायालय परिसर को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है.

बार-बार मिल रही इन धमकियों ने न केवल न्यायिक कार्यों को बाधित किया है, बल्कि वकीलों और वादियों के बीच भारी दहशत पैदा कर दी है.
शनिवार को जैसे ही धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई, हालांकि हर बार की तरह कुछ नहीं बरामद हुआ.
