धनबाद: कोयलांचल के वासेपुर में गैंगवार की आग एक बार फिर सुलगती नजर आ रही है.धनबाद की बैंकमोड़ थाना पुलिस ने वासेपुर डॉन फहीम खान के पुत्र इकबाल खान के चालक बबली पर गोली चलाने के मामले में दूसरे शूटर इजहार हुसैन उर्फ इजहार अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के पास से दो पिस्टल, कारतूस और मैगजीन बरामद की है.
ओडिशा का रहने वाला है शूटर:
गिरफ्तार शूटर इजहार हुसैन मूल रूप से ओडिशा के राउरकेला (माल गोदाम रोड, उदितनगर) का रहने वाला है. इससे पहले पुलिस ने उसके साथी मो. रकीब को दबोचा था, जिसकी निशानदेही पर ही इजहार की गिरफ्तारी मुमकिन हो पाई है. पुलिस ने इस मामले में बैंकमोड़ थाने के दारोगा राजेश कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की है.
प्रिंस खान ने दी थी इकबाल खान की हत्या की सुपारी:
पूछताछ के दौरान शूटर इजहार ने पुलिस के सामने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उसने स्वीकार किया कि वह 20 फरवरी को वासेपुर में हुई गोलीबारी की घटना में शामिल था. इजहार ने बताया कि उसे और रकीब को दुबई में बैठे गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई ऋतिक खान औरगोपी खान ने फहीम खान के बेटे इकबाल खान की हत्या करने के लिए सुपारी दी थी. दोनों शूटर चक्रधरपुर से रांची पहुंचे थे. रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड पर कृष कुमार सिंह नामक व्यक्ति ने उन्हें एक बैग में दो पिस्टल और कारतूस मुहैया कराए थे. धनबाद पहुंचने के बाद दोनों वासेपुर इलाके में रेकी कर रहे थे. रात करीब 11:30 बजे स्थानीय लोगों को उन पर शक हुआ और पूछताछ शुरू कर दी. खुद को घिरता देख दोनों भागने लगे, तभी इकबाल के चालक हैदर अंसारी उर्फ बबली ने उनका पीछा किया, जिस पर उन्होंने गोली चला दी थी.
झाड़ियों से बरामद हुए हथियार:
गिरफ्तारी के बाद पुलिस इजहार को कलाली बगान के पास रेलवे लाइन किनारे ले गई. वहां उसकी निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई एक पिस्टल बरामद की गई. बरामद पिस्टल की मैगजीन में 7.65 एमएम के दो जिंदा कारतूस मिले हैं. पुलिस ने उसके पास से एक स्मार्टफोन और सिमकार्ड भी जब्त किया है.
