धनबाद: झारखंड के विभिन्न जिलों में इन दिनों बच्चा चोरी’ की अफवाह किसी आग की तरह फैल रही है. ताजा मामला धनबाद जिले के ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र का है, जहां निछानी पुल के पास भीड़ ने तीन महिलाओं को बच्चा चोर समझकर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी. स्थिति इतनी अनियंत्रित हो गई कि भीड़ ने बचाव करने आई पुलिस की गाड़ी पर भी चप्पल और जूते बरसाए.


क्या है मामला:
बुधवार को ईस्ट बसुरिया इलाके में अचानक यह अफवाह उड़ी कि तीन महिलाएं बच्चा चोरी करने की नीयत से घूम रही हैं. देखते ही देखते निछानी पुल के पास सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई. बिना किसी पुख्ता जानकारी या सबूत के, आक्रोशित भीड़ ने तीनों महिलाओं को पकड़ लिया और उन पर लात-घूंसों व जूतों से हमला कर दिया. चौंकाने वाली बात यह रही कि मारपीट करने वालों में स्थानीय महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल थीं.
सूचना मिलते ही जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो भीड़ का गुस्सा कम होने के बजाय और बढ़ गया. पुलिस ने जब महिलाओं को बचाने की कोशिश की, तो उग्र लोगों ने पुलिस वाहन को निशाना बनाया और उस पर चप्पल-जूते फेंके, हालांकि, पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद महिलाओं को सुरक्षित निकाल लिया और थाने ले गई.
33 निर्दोषों की पिटाई:सबसे अधिक बोकारो में 20 लोगों की पिटाई, घाटशिला में 7 लोगों को किया घायल:
राज्य में बच्चा चोरी की अफवाह तेजी से फैल रही है. बच्चा चोरी के आरोप में निर्दोष की बेहरमी से पिटाई की जा रही है. इस महीने पांच जिलों में इस तरह मारपीट की 17 घटनाएं हो चुकी है. इसमें 33 लोगों को पीटकर घायलकर दिया गया.
सबसे अधिक बोकारो जिले में निर्दोष लोगों को पीटा गया.।इसमें 12 महिलाएं और 8 युवक शामिल हैं. वहीं, घाटशिला में 6 युवकों और एक महिला को पीटा गया. लातेहार और जामताड़ा में एक-एक युवक की पिटाई की गई.वहीं, रामगढ़ में गुड़गांव की एक महिला और बिहार के तीन युवकों को पीटा गया.

