रांची: रांची में आज लगा जनता दरबार पूरी तरह एक्शन मोड में दिखा. उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने साफ कर दिया, कि अब शिकायत आई तो तुरंत समाधान होगा, नहीं तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय है. ईटकी के दिव्यांग रामेश्वर महतो के लिए यह दरबार जिंदगी बदलने वाला साबित हुआ. एक आवेदन दिया और मौके पर ही इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल मिल गई. खुशी से भावुक रामेश्वर ने कहा, “आज उम्मीद पूरी हो गई.” यह नजारा बताता है कि प्रशासन अब फाइलों में नहीं, सीधे जमीन पर काम कर रहा है.
जमीन घोटाले के मामले में भी सख्ती
जमीन घोटाले के मामले में भी सख्ती दिखी. अनगड़ा में फर्जी कागज से जमीन हड़पने की शिकायत पर उपायुक्त ने तुरंत संज्ञान लिया, अंचल अधिकारी को शो-कॉज ठोका और जांच के आदेश दे दिए. साफ संकेत—गड़बड़ी की तो कुर्सी हिलेगी.
दरबार में पंजी-2 सुधार, जमीन सीमांकन, दाखिल-खारिज में देरी, अतिक्रमण और रसीद नहीं मिलने जैसे कई मामलों की बाढ़ आई. उपायुक्त ने दो टूक कहा, कि राजस्व मामलों में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी, हर केस का तेजी से निपटारा करना ही होगा. मंईयां सम्मान योजना को लेकर भी अफसरों को चेतावनी दी गई, कि पात्र लोगों को समय पर लाभ नहीं मिला तो जिम्मेदारी तय होगी.
यह भी पढें: सरायकेला: पशुपालन को मिली नई रफ्तार, लाभुकों को मिला पिगरी-गोटरी यूनिट
