Simdega: पाकरटांड़ थाना क्षेत्र में बैल को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
SDPO ने किया खुलासा
मामले में प्रेस वार्ता करते हुए एसडीपीओ सिमडेगा बैजू उरांव ने बताया कि पाकरटांड़ थाना क्षेत्र के नानेसेरा सरखु टोली निवासी मारियानुस मिंज का बैल उसके पड़ोसी नुवेल कुल्लू के बाड़ी में घुस गया था.
बैल को लेकर शुरू हुआ विवाद
इस पर नुवेल कुल्लू ने पत्थर मारकर बैल की आंख घायल कर दी. इसी बात को लेकर जब मारियानुस मिंज अपने पड़ोसी नुवेल कुल्लू के घर पहुंचा, तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते बढ़कर हिंसक हो गया.
Also Read: वेतन संकट से जूझ रहा झारखंड, 2.75 लाख कर्मचारी प्रभावित, सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन के आरोप
लोहे की रॉड से हमला
विवाद के दौरान नुवेल कुल्लू ने लोहे की रॉड से हमला कर मारियानुस मिंज को गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद परिजनों द्वारा घायल को सदर अस्पताल सिमडेगा लाया गया.
इलाज के दौरान हुई मौत
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात डॉक्टरों ने मारियानुस मिंज को मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नुवेल कुल्लू को गिरफ्तार कर लिया.
हथियार बरामद, आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
