SAURAV SINGH
रांची: झारखंड पुलिस महकमे में इन दिनों हड़कंप मचा हुआ है. पिछले मात्र 33 दिनों के भीतर राज्य के अलग-अलग जिलों में 18 सब-इंस्पेक्टर (दरोगा) स्तर के अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है. इनमें से कई को निलंबित (सस्पेंड) किया गया है, तो कई को लाइन हाजिर कर दिया गया है. विभाग की इस कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कर्तव्य में लापरवाही और भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
33 दिनों में 18 दरोगा पर गिरी गाज, कोई सस्पेंड तो कोई लाइन हाजिर:
- 11 अप्रैल: अभियुक्त से सांठगांठ के आरोप में बोकारो जिला के पिंडराजोड़ा थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी और कर्मी को एक साथ सस्पेंड कर दिया गया. जिनमें 10 सब इंस्पेक्टर, पांच असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर, दो हवलदार और 11 सिपाही शामिल है.
- 11 अप्रैल: बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया. अजय कुमार सिंह पर कर्तव्य में लापरवाही के आरोप लगे थे. थाने के निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड अपडेट नहीं पाए गए और फाइलों में भी अव्यवस्था मिली थी.
- 09 अप्रैल: चतरा जिले में पुलिस विभाग के अंदर बड़ी कार्रवाई सामने आई थी, गिद्धौर थाना प्रभारी सहित दो पुलिस जवानों को सस्पेंड कर दिया गया है. यह कार्रवाई एक वायरल वीडियो के सामने आने के बाद की गई, जिसने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे.
- 02 अप्रैल: पलामू के हुसैनाबाद थाना में पदस्थापित एसआई नर्मदेश्वर सिंह को रंगदारी मांगने और चाय दुकानदार के साथ मारपीट के आरोप में निलंबित करते हुए लाइन हाजिर कर दिया गया है.
- 30 मार्च: धनबाद में राजगंज थाना प्रभारी अलीशा कुमारी को वर्दी में भोजपुरी गाने पर डांस करने का वीडियो वायरल होने के बाद लाइन हाजिर कर दिया गया है.
- 27 मार्च: गढ़वा के रमकंडा में रामनवमी जुलूस के दौरान विवाद हुआ था.घटना के बाद रमकंडा थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह कुंटिया को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया गया था.
- 17 मार्च: रांची के कांके थाना प्रभारी प्रकाश रजक को जमीन कारोबारियों से मिलीभगत और शिकायतों के बाद लाइन हाजिर किया गया था.
- 10 मार्च: रांची में कर्तव्य के दौरान वरती गई उक्त घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में सब इंस्पेक्टर भवेश कुमार रवानी को निलंबित कर दिया गया था.
ALSO READ: धनबाद: निरसा में CISF की कार्रवाई, अवैध कोयले से लदे 5 ट्रक को पकड़ा
