रांची: धनबाद के वासेपुर का कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान अब केवल झारखंड पुलिस ही नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ा सिरदर्द बन चुका है. हाल ही में सामने आए चौंकाने वाले दस्तावेजों के अनुसार, प्रिंस खान ने पाकिस्तान में अपनी नई पहचान स्थापित कर ली है. वह वहां ‘फैज खान’ के फर्जी नाम से रह रहा है.

पाकिस्तानी पहचान पत्र का खुलासा
सुरक्षा एजेंसियों के हाथ लगे प्रिंस खान के नए पहचान पत्र ने खलबली मचा दी है. इस पहचान पत्र के सामने आने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि वह पड़ोसी देश की शरण में है. झारखंड पुलिस अब उसे आधिकारिक तौर पर ‘आतंकी’ घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर रही है, जिसके लिए जल्द ही केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को एक विस्तृत प्रस्ताव भेजा जाएगा.
- नया नाम: फैज खान
- आइडेंटिटी नंबर: 611918064570-6
- जारी होने की तिथि: 12 मई 2025
- वैधता: 12 मई 2035

दुबई से पाकिस्तान तक का सफर
प्रिंस खान का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पीछा किया जा रहा है. जांच में सामने आया कि जून 2025 में प्रिंस का यूएई वीजा खत्म होने के बाद वह महीनों तक दुबई में छिपकर रहा. जब भारतीय एजेंसियों के दबाव में यूएई पुलिस ने उसकी तलाश तेज की, तो वह वहां से भागकर पाकिस्तान पहुंच गया. जुलाई 2023 में ही उसके खिलाफ ब्लू और रेड कॉर्नर नोटिस जारी किए जा चुके हैं और उसका भारतीय पासपोर्ट भी रद्द कर दिया गया है.
एजेंसियों के रडार पर ‘मेजर’ का साम्राज्य
प्रिंस खान, जो खुद को सोशल मीडिया पर ‘मेजर’ कहलवाना पसंद करता है, के खिलाफ 115 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं.
वर्तमान में झारखंड पुलिस उसके पीछे लगी हैं. पिछले चार वर्षों में उसके गिरोह से जुड़े 130 से अधिक गुर्गे जेल भेजे जा चुके हैं.
प्रिंस खान के आतंक का खूनी इतिहास
– 24 नवंबर, 2021: धनबाद नया बाजार के महताब आलम उर्फ नन्हे की सरेआम हत्या.
– मई 2022: धनबाद हाउसिंग कॉलोनी में ठेकेदार रामनरेश सिंह के आवास पर फायरिंग.
– दिसंबर 2022: धनबाद बैंक मोड़ स्थित क्लिनिक लैब पर ताबड़तोड़ फायरिंग.
– फरवरी 2023: धनबाद कार्मिक नगर के पास रिकवरी एजेंट उपेंद्र सिंह की हत्या में नाम आया.
– मई 2023 : वासेपुर के डॉन फहीम खान के बेटे इकबाल खान और ढोलू पर हमला.
– अक्टूबर 2023: कार सेंटर के मालिक दीपक अग्रवाल पर जानलेवा हमला
