गिरिडीह: तिसरी प्रखंड के बरवाडीह पंचायत अंतर्गत चंदली गांव में संचालित अवैध पत्थर खदान पर आखिरकार प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा कदम उठाया. इस कार्रवाई की खास वजह बनी “News Wave” में प्रकाशित वह खबर, जिसने प्रशासन को हरकत में आने पर मजबूर कर दिया. गुरुवार को की गई औचक छापेमारी में न सिर्फ एक पोकलेन मशीन जब्त की गई, बल्कि मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.
संयुक्त छापेमारी में बड़ी सफलता
मिली जानकारी के अनुसार, तिसरी के अंचलाधिकारी अखिलेश कुमार ने पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया. छापेमारी के दौरान अवैध खनन कार्य में लगी टाटा हिटाची EX 200 सुपर पोकलेन मशीन को मौके से जब्त किया गया. वहीं मशीन चला रहे चालक रोहित कुमार सिंह को हिरासत में लेकर तिसरी थाना लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शुक्रवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. गिरफ्तार आरोपी गया जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मानपुर गांव का निवासी बताया गया है. इस मामले में तिसरी थाना कांड संख्या 30/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
45 एकड़ में अवैध खनन, पेड़ तक उखाड़ा गया
अंचलाधिकारी द्वारा थाना में दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, खाता संख्या 19, प्लॉट संख्या 64 की करीब 45 एकड़ भूमि पर लंबे समय से अवैध पत्थर खनन किया जा रहा था. जांच में यह भी चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि खनन कार्य के लिए एक विशाल बरगद के पेड़ को उखाड़ दिया गया था, और बड़े पैमाने पर पत्थरों का अवैध उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा था. यह न केवल कानून का उल्लंघन था, बल्कि पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा बन चुका था.
दो ट्रैक्टर फरार, पोकलेन जब्त
छापेमारी के दौरान खदान में लगे दो ट्रैक्टर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, लेकिन सब-इंस्पेक्टर नंदजी राय की सतर्कता के कारण पोकलेन मशीन को मौके पर ही जब्त कर लिया गया. मशीन से जुड़े सभी उपकरणों को भी सुरक्षित कब्जे में ले लिया गया है.
अवैध खनन नेटवर्क का खुलासा
पूछताछ में चालक ने खुलासा किया कि जब्त पोकलेन मशीन का मालिक हजारीबाग जिले के बरही निवासी नंदलाल सिंह है. वहीं इस अवैध खनन के नेटवर्क में बलहारा निवासी मनोज कुमार यादव, कोडरमा के खरकोटा निवासी पप्पू पासवान और घोड़थंभा ओपी क्षेत्र के महेशमरवा निवासी जत्रत अंसारी की संलिप्तता भी सामने आई है. बताया जा रहा है कि ये सभी पिछले कई दिनों से संगठित रूप से अवैध खनन गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे.
प्रशासन की चेतावनी, आगे भी होगी कड़ी कार्रवाई
अंचलाधिकारी अखिलेश कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और “News Wave” द्वारा उजागर किए गए इस मामले के बाद अब ऐसी गतिविधियों पर और भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी. उन्होंने चेतावनी दी कि कानून को ठेंगा दिखाने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
