रांची: झारखंड में आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से जुड़े अस्पतालों को फर्जी कॉल कर धमकाने और पैसे मांगने का मामला सामने आया है. इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी ने अलर्ट जारी किया है और अस्पताल प्रबंधन को सतर्क रहने की सलाह दी है.

खुद को अधिकारी बताकर मांगे पैसे
मामले की शिकायत मुंधड़ा हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि वरुण मुंधड़ा ने की है. उन्होंने बताया कि 25 मार्च 2026 को उन्हें एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को पीएमजेएवाई का नोडल अधिकारी बताते हुए स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव के अधीन काम करने की बात कही. कॉलर ने अस्पताल के खिलाफ 256 पन्नों की शिकायत का हवाला देते हुए जांच के नाम पर “खर्चा-पानी” की मांग की और पैसे ऑनलाइन ट्रांसफर करने को कहा.
Also Read: हेमंत सरकार ने महिलाओं को दिया रामनवमी पर बड़ी सौगात, खाते में आए 5-5 हजार रुपये
शिकायत के बाद हरकत में एजेंसियां
अस्पताल प्रबंधन को मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद इसकी शिकायत नेशनल इंश्योरेंस कंपनी को ईमेल के जरिए दी गई. कंपनी ने मामले को गंभीर मानते हुए इसे झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी को भेजा और जांच की मांग की.
सोसाइटी की अपील, झांसे में न आएं
इस संबंध में सोसाइटी के कार्यकारी निदेशक छवि रंजन ने सभी अस्पतालों और आम लोगों से अपील की है कि इस तरह के किसी भी फर्जी कॉल के झांसे में न आएं. उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति अधिकारी बनकर धमकाता है या पैसे मांगता है, तो तुरंत इसकी सूचना नामकुम स्थित सोसाइटी को दें.
सतर्क रहने के निर्देश, कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
स्वास्थ्य विभाग ने भी अस्पतालों को निर्देश दिया है कि किसी भी संदिग्ध कॉल की सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें. साथ ही ऐसे फर्जी कॉल करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
