रांची: हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2026 के A डिविजन में झारखंड और मध्यप्रदेश की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है. अब दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबला रविवार को खेला जाएगा, जबकि उत्तरप्रदेश और ओडिशा की टीमें तीसरे स्थान के लिए भिड़ेंगी.
नौवें दिन खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले
मोराबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता के नौवें दिन दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए. पहले सेमीफाइनल में मेजबान झारखंड ने उत्तरप्रदेश को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया. झारखंड की ओर से रेजिना कुल्लू और संदीपा कुमारी ने एक-एक गोल दागे. शानदार प्रदर्शन के लिए संदीपा कुमारी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. उन्हें यह सम्मान भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल ने प्रदान किया.
दूसरे सेमीफाइनल में मध्यप्रदेश ने ओडिशा को 2-1 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया. मध्यप्रदेश की ओर से नौशीन नाज और केशर भाबर ने एक-एक गोल किया, जबकि ओडिशा की रूबीना बखला ने एकमात्र गोल दागा. निर्णायक गोल करने वाली केशर भाबर को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. उन्हें पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी सुभद्रा प्रधान ने सम्मानित किया.
सेमीफाइनल मुकाबलों के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी समेत कई पदाधिकारी स्टेडियम में मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया.
झारखंड टीम के फाइनल में पहुंचने पर खेल विभाग और हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों ने टीम को बधाई दी है. अब सभी की नजरें रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले पर टिकी हैं, जहां झारखंड घरेलू मैदान पर खिताब जीतने के इरादे से उतरेगा.
यह भी पढ़ें: चांडिल: तेंतलो स्थायी पौधशाला की बदहाली, लापरवाही से घटा पौध उत्पादन
