वाहन जांच अभियान में 85,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया, चालकों को किया गया जागरूक

    लोहरदगा: जिला परिवहन पदाधिकारी जया शंखी मुर्मू के निर्देशानुसार भंडरा थाना अंतर्गत चट्टी पिकेट, लोहरदगा मुख्य सड़क मार्ग पर सघन...

 

 

लोहरदगा: जिला परिवहन पदाधिकारी जया शंखी मुर्मू के निर्देशानुसार भंडरा थाना अंतर्गत चट्टी पिकेट, लोहरदगा मुख्य सड़क मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. यह अभियान जिला सड़क सुरक्षा टीम के नेतृत्व में संचालित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य सड़क पर चलने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित कराना था.

दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच

जांच अभियान के दौरान विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट के उपयोग, वैध नंबर प्लेट, ट्रिपल राइडिंग, ओवर स्पीडिंग, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाना तथा नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन की जांच की गई. वहीं चारपहिया वाहनों के लिए सीट बेल्ट का उपयोग, ओवरलोडिंग, वाहनों में अवैध छेड़छाड़, अतिरिक्त लाइट लगाने जैसे नियमों का भी सख्ती से निरीक्षण किया गया.

27 वाहनों पर कार्रवाई, 85,500 रुपये जुर्माना वसूला गया

इस दौरान कुल लगभग 100 से 120 दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की जांच की गई. जांच के क्रम में कई वाहन चालक आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके तथा कई मामलों में यातायात नियमों का उल्लंघन पाया गया. ऐसे में मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 27 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 85,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया. यह जुर्माना ऑनलाइन ई-पॉस मशीन के माध्यम से तत्काल निर्गत किया गया.

ALSO READ:उजला रविवार पर सिमडेगा में आस्था का रंग, चर्चों में विशेष मिस्सा और प्रथम परम प्रसाद

चालकों को किया गया जागरूक

अभियान के दौरान पकड़े गए वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई. अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है. चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित उपयोग, गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई.

भविष्य में भी चलेंगे ऐसे अभियान

जिला सड़क सुरक्षा टीम और भंडरा थाना के पुलिस कर्मियों की संयुक्त उपस्थिति में यह अभियान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़े और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *