Ranchi: झारखंड स्टेट बार काउंसिल के पंचवर्षीय चुनाव में रविवार को महिला सशक्तिकरण की नई तस्वीर देखने को मिली. सुप्रीम कोर्ट के दिशा निर्देशों के तहत महिलाओं को मिले आरक्षण के आलोक में पांच महिला अधिवक्ताओं को विजयी घोषित किया गया है.
रिंकू भगत की लगातार दूसरी जीत
इनमें झारखंड हाईकोर्ट की रिंकू भगत ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है. इससे पहले भी वह सामान्य श्रेणी में जीत हासिल कर झारखंड की पहली महिला निर्वाचित सदस्य बनी थीं.
चुनाव परिणाम की घोषणा
मुख्य रिटर्निंग अफसर जस्टिस अंबुज नाथ ने चुनाव परिणामों की घोषणा करते हुए पांच महिला अधिवक्ताओं को निर्वाचित घोषित किया. इसमें रिंकू भगत (118 वोट), मौली सिन्हा (104 वोट), निवेदिता कुंडू (99 वोट), डालटनगंज से मधुलता रानी (180 वोट) और गिरिडीह से मीरा कुमारी (114 वोट) शामिल हैं.
25 महिला उम्मीदवारों में से 5 विजयी
बार काउंसिल के इस चुनाव में कुल 25 महिला उम्मीदवार मैदान में थीं. वरीयता क्रम और मतों की गणना के दौरान 20 महिला अधिवक्ता कम वोट मिलने के कारण रेस से बाहर हो गईं, जिसके बाद शीर्ष पांच को विजेता घोषित किया गया.
पुरुष सीटों के लिए मतगणना जारी
बार काउंसिल के लिए 12 मार्च को मतदान हुआ था, जिसमें कुल 100 प्रत्याशी मैदान में थे. महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का परिणाम घोषित हो चुका है, जबकि पुरुष अधिवक्ताओं के लिए मतों की गिनती अभी भी जारी है. काउंसिल की कुल 23 सीटों के लिए हो रहे इस चुनाव में अब सभी की नजरें शेष परिणामों पर टिकी हैं.
