Lohardaga: जिले में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘गांव चलो अभियान’ के तहत निगनी पंचायत भवन, बिचे टोला में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने की.
कार्यकर्ताओं को दी गई जिम्मेदारी
बैठक को संबोधित करते हुए अजय कुमार पंकज ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की जानकारी और लाभ सुनिश्चित कराने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है.
केंद्र की योजनाओं का किया उल्लेख
उन्होंने केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है. प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंदों को पक्का मकान मिल रहा है. उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है. इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है तथा विश्वकर्मा योजना के तहत पारंपरिक कारीगरों को प्रशिक्षण और आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है.
स्वच्छता और जल योजना पर जोर
अजय पंकज ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन के जरिए गांवों में स्वच्छता और हर घर नल जल की सुविधा सुनिश्चित की जा रही है.
राज्य सरकार पर साधा निशाना
उन्होंने झारखंड सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार बढ़ा है तथा केंद्र की योजनाओं को लेकर लोगों के बीच भ्रम फैलाया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार योजनाओं के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराती है, लेकिन उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर नहीं देने के कारण अगली किस्त प्रभावित होती है.
ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं सामने रखीं. उन्होंने बताया कि कई क्षेत्रों में नल-जल योजना का लाभ नहीं मिल रहा है. टेंगरा से बांध घाट तक जाने के लिए सड़क की सुविधा नहीं है. बजरंगबली मंदिर और पंचायत भवन के पास स्ट्रीट लाइट नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी होती है. इसके अलावा कई गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है, जिससे बारिश के दौरान उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में ओम प्रकाश सिंह, श्रीचंद प्रजापति, तरुण देवघरिया, पवन तिग्गा, अमरेश भारती, सम्मेलन भगत, हरिनाथ साहू, मनीष कुमार गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
