गिरिडीह: डुमरी में 21 फरवरी को हुए पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राकेश महतो हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपियों में डुमरी थाना क्षेत्र के हेठटोला निवासी रेवतलाल महतो और प्रदीप कुमार शामिल हैं. मामले की जानकारी डुमरी के एसडीपीओ सुमित प्रसाद ने प्रेसवार्ता कर दी.

खांकीकला जंगल से बरामद हुआ था शव
बताया गया कि 21 फरवरी को पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राकेश महतो का अधजला शव झारखंड कॉलेज डुमरी (घुटवाली) के पास खांकीकला जंगल से बरामद किया गया था. घटना के बाद गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था. टीम लगातार मामले की जांच में जुटी हुई थी.
जमीनी विवाद में की गई हत्या
जांच के दौरान यह सामने आया कि राकेश महतो के जीटी रोड स्थित बन रहे मकान के पास एक विवादित जमीन को लेकर रेवतलाल महतो और प्रदीप कुमार के साथ उनका विवाद चल रहा था. इसी जमीन विवाद को खत्म करने के लिए दोनों आरोपियों ने मिलकर साजिश रची और राकेश महतो की हत्या कर दी.
बताया जाता है कि 20 फरवरी को राकेश महतो घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे. अगले दिन 21 फरवरी की सुबह उनका अधजला शव बरामद हुआ था. घटना के बाद क्षेत्र में काफी आक्रोश भी देखा गया था. फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आईजी ने समीक्षा बैठक

