Giridih: कार्यकारी एजेंसियों के माध्यम से संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की उपायुक्त रामनिवास यादव ने समीक्षा बैठक की. तकनीकी पदाधिकारियों के साथ हुई इस महत्वपूर्ण बैठक का मुख्य उद्देश्य योजनाओं की प्रगति का आकलन, गुणवत्ता सुनिश्चित करना और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण करना था. बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित तकनीकी पदाधिकारियों से उनकी वर्तमान स्थिति, प्रगति, सामने आ रही चुनौतियों तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को इसका लाभ शीघ्र मिल सके.
यह भी पढ़ें : झारखंड पुलिस मुख्यालय में 2024 बैच के प्रशिक्षु IAS अधिकारियों का प्रशिक्षण संपन्न, राज्य की सुरक्षा चुनौतियों से हुए अवगत
कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : उपायुक्त
उपायुक्त ने कहा कि विकास योजनाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने विशेष रूप से सड़क, भवन निर्माण, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई एवं अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की. बैठक में अभियंताओं एवं तकनीकी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें और गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करें. जहां कार्यों की गति धीमी पाई गई है, वहां तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए.

लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा करने का निर्देश
इसके अलावा उपायुक्त ने लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अनावश्यक विलंब या कार्यों में गुणवत्ता की कमी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी और पदाधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उपायुक्त ने सभी कार्यकारी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं को समय पर प्रशासन के समक्ष रखने का निर्देश दिया, ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके. साथ ही तकनीकी पदाधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट, कार्यस्थल निरीक्षण और समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट जिला गोपनीय शाखा को उपलब्ध कराने को कहा गया.
यह भी पढ़ें : हजारीबाग: 36 हजार बीयर की बोतलों पर चला बुलडोजर, गोदाम से आया एक्सपायर्ड स्टॉक

बैठक में कई पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, भवन प्रमंडल, विद्युत प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
